अगर आपने कई माह से बिजली का बिल जमा नहीं किया है और विद्युत विभाग के लोग बिल की राशि की मांग करते हैं तो उनको नगद राशि कतई न दें। अगर आपने पैसे सौंप दिए तो बिल जमा करने के नाम पर आपसे ठगी हो सकती है।
शुक्रवार को मोरना गांव की एक महिला के साथ ऐसी ही ठगी हुई। उसने सेक्टर-25 स्थित बिजली आफिस में इसकी शिकायत की है। मोरना निवासी पीड़ित धोला का आरोप है कि उनका कई माह से बिल जमा नहीं था जो करीब 46 हजार रुपये था।
पिछले माह 14 सितंबर को बिजली विभाग का एक कर्मचारी उनके घर गया और कनेक्शन काटने की धमकी देने लगा। साथ ही कहा कि अगर उन्होंने अभी रुपये जमा नहीं किए तो उनका कनेक्शन काटकर तहसील को भेज दिया जाएगा।
जहां पर करीब 10 फीसदी अधिक बिल देना होगा। बुजुर्ग महिला डर गई और उन्होंने बिजली कर्मचारी को ही 46 हजार रुपये नकद दे दिए। बिजली कर्मी ने आश्वासन दिया कि वह अगले दिन रुपये जमा करने की रसीद उनको दे देगा।
दो दिन बाद बिजली कर्मचारी घर पर गया और रुपये जमा होने की रसीद दे आया। अक्तूबर में जब एक बार फिर से उनके घर पर बिजली विभाग की टीम कनेक्शन काटने पहुंची तो वह घबरा गई। चूंकि पिछले माह ही तो उन्होंने 46 हजार रुपये का बिल जमा किया था।
विद्युत विभाग की टीम ने रुपये जमा करने की रसीद मांगी। उसे देखने के बाद कर्मचारियों ने बताया कि उनके साथ धोखा हो गया है। किसी ने नगद रुपये लेकर फर्जी चेक जमा करके रसीद ले ली है जो चेक बाउंस हो गया है और उनको बिल अब तक करीब 65 हजार रुपये का हो गया है। बुजुर्ग महिला ने अफसरों के समक्ष जाकर आरोपी कर्मचारी की तलाश कराने की मांग की है।
मामले की जांच जारी
एक महिला से रुपये जमा कराने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उनसे नगद रुपये लिए थे। जबकि बिजली विभाग में चेक जमा कराकर रसीद ली गई थी।
बाद में चेक बाउंस हो गया था। इस मामले की जांच कराई जा रही है। उपभोक्ता स्वयं कैश काउंटर पर जाकर बिल जमा करें दूसरे पर भरोसा न करें। - राघवेंद्र यादव, अधिशासी अभियंता।