नोएडा में सस्ते फ्लैट देने के नाम पर बिल्डर द्वारा 300 से अधिक लोगाें से करोड़ाें रुपये ठगने का मामला सामने आया है। लोगों ने सोमवार को थाने पहुंचकर बिल्डर के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाने पर पहुंचे पीड़ित राजेंद्र, भावना, निखिल, प्रकाश, संजय ने बताया कि वह 2014 की शुरुआत में कंपनी के संपर्क में आए थे। कंपनी ने नोएडा सेक्टर 73 में सस्ती सोसायटी लांच करने की बात कही।
इसके बाद दिसंबर तक सस्ते फ्लैट देने की बात कही। करीब 300 लोगों ने बुकिंग राशि जमा कराई। जब साइट पर कोई काम शुरू नहीं हुआ तो लोगों ने बिल्डर से बात की।
बिल्डर ने बताया कि नोएडा अथॉरिटी से अप्रूवल न मिलने के कारण प्रोजेक्ट लेट हो रहा है। मगर जब दिसंबर तक भी काम शुरू नहीं हुआ तो लोगों ने बिल्डर से संपर्क किया।
इस दौरान बिल्डर ने प्रोजेक्ट कैंसिल होने की बात कही और रुपये लौटाने का वादा किया। लोगों ने कंपनी के मालिकों पर रुपये वापस करने का दबाव बनाया तो कंपनी की ओर से कुछ लोगों को चेक दिए गए। मगर ये चेक बाउंस हो गए।
छानबीन में पता चला कि कंपनी फर्जी है। पीड़ित जब कंपनी के ऑफिस पर पहुंचे तो सभी साइट ऑफिस बंद मिले। जिसके बाद लोगों ने थाना इंदिरापुरम में मामले की शिकायत दी।
इंदिरापुरम में रहता है मुख्य आरोपी
पीड़ितों के अनुसार, बिल्डर बनकर लोगों को ठगने वाला मुख्य आरोपी कौशांबी में रहता है। इस कारण पीड़ितों ने थाना इंदिरापुरम में शिकायत दी है।
एसएचओ गोरखनाथ यादव ने बताया कि शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर बिल्डर को गिरफ्तार किया जाएगा।