गुड़गांव में माल बेचने के लालच में बिना छानबीन के माल भेजना व्यापारी को महंगा पड़ गया। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने निर्माणाधीन साइट पर भुगतान करने का झांसा दिया। जब तक व्यापारी को हकीकत पता चलती युवक माल समेत फरार हो गए। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक रेलवे रोड स्थित हार्डवेयर संचालक गुलशन वासन के पास रविवार को एक युवक ने कॉल करके 15 बंडल 15 जाली का ऑर्डर बुक कराया। युवक ने व्यापारी को शिवाजी नगर में चल रही निर्माणाधीन साइट के पास माल भेजने की बात कही।
व्यापारी ने बिना जांच पड़ताल किए अपने कर्मचारी के साथ टेंपो में माल लोड कराकर भेज दिया गया। माल उतारने के बाद दो युवकों ने पेमेंट कही और से दिलाने की बात कहकर कर्मचारी को अपने साथ ले गए।
युवकों ने कर्मचारी को बातों में लगाकर उसे दुकान पर कोल्डड्रिंक पिलाने के लिए बैठा दिया। कर्मचारी जब तक समझ पाता एक बाइक पर दोनों युवक बैठकर चंपत हो गए। युवकों के फरार होने के बाद कर्मचारी साइट पर जाकर जब माल लेने दौड़ा तो वहां से भी माल गायब मिला।
पूरी घटना के बाद कर्मचारी ने अपने मालिक को सूचना दी जिसके बाद पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई। सिटी थाना पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार मोबाइल पर आए नंबरों के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।
पिस्टल दिखाकर सवा लाख की लूट
दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में दवाई की कंपनी के कलेक्शन एजेंट से बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर सवा लाख रुपये व अन्य सामान लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित अनुजराज (25) ने मामले की शिकायत पुलिस से की मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अनुजराज परिवार के साथ गली नंबर-7, राजधानी एंक्लेव, रामपार्क लोनी में रहता है। अनुजराज दिल्ली में एक दवाई की कंपनी में कलेक्शन एजेंट का काम करता है। अनुज उत्तरी-पूर्वी जिले में केश कलेक्शन का काम करता है। शनिवार को इसने बृजपुरी और करावल नगर से करीब सवा लाख रुपये इकट्ठे किए थे।
केश जमा करने के बाद अनुज वापस अपनी बाइक से कंपनी लौट रहा था। इस बीच जैसे ही वह ए-ब्लॉक भागीरथी विहार पहुंचा, अचानक काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने अनुज को रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर अनुज से बैग छीन लिया।
बाद में दोनों फरार हो गए। अनुज ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को उसने बताया कि बैग में रुपयों के अलावा उसका डीएल, दो एटीएम, बाइक की आरसी व अन्य सामान था। पुलिस अनुज से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
युवक से बाइकर्स ने लूटे 40 हजार रुपये
ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके के यमुना एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर सलारपुर अंडरपास पर बाइक सवार बदमाशों ने एक अस्पताल कर्मी से 40 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। पीड़ित का आरोप है कि लूट की घटना की शिकायत दनकौर पुलिस से की तो उसे हड़काकर भगा दिया गया। उधर, पुलिस ने इस घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के फलैंदा निवासी नरेश ग्रेटर नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल में नौकरी करता है। शनिवार देर रात वह अस्पताल से अपने घर के लिए बाइक से जा रहा था। जब वह यमुना एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर सलारपुर अंडरपास पर पहुंचा तो पहले से ही खड़े एक युवक ने लिफ्ट लेने के बहाने उसे रुकवाया। बाइक रुकते ही बदमाश के दो और साथी तमंचे लेकर आ गए।
पीड़ित का आरोप है कि तीनों बदमाशों ने हाथापाई करते हुए तमंचे के बल पर उससे बैग और मोबाइल लूट लिया। बैग में 40 हजार रुपये थे। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित के साथ मारपीट भी की।
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख बदमाश बाइक से फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने मामले की शिकायत दनकौर पुलिस से की तो वहां मौजूद कर्मियों ने रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर उसे हड़काकर भगा दिया। उधर, पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।