करोल बाग इलाके में मंगलवार देर रात रुपयों के लेनदेन में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त विनय चहल (25) के रूप में हुई है। विनय के पिता दिल्ली पुलिस में एएसआई के पद से रिटायर्ड हैं। दरअसल, विनय के भाई हिमांशु का 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर फाइनेंसर आकाश से विवाद चल रहा था। देर रात मौका लगते ही आकाश ने अपने भाई अंकित, दीपक व दो अन्य लोगों के साथ हिमांशु की पिटाई कर दी।
विनय बीच-बचाव कराने पहुंचा तो आकाश ने पिस्टल निकालकर गोलियां चलानी शुरू कर दी। एक गोली विनय के मुंह पर लगी, जबकि दूसरी गोली से भाई अंकित जख्मी हो गया। घायलों को बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विनय को मृत घोषित कर दिया गया। प्रसाद नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आकाश व उसके भाई दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, विनय परिवार के साथ 7/22 पटेल नगर में रहता था। परिवार में पिता धर्मपाल चहल, मां सुनीता के अलावा बड़ा भाई हिमांशु चहल है। धर्मपाल दिल्ली पुलिस में एएसआई के पद से रिटायर्ड हैं। परिवार का करोलबाग के टैंक रोड पर रेडिमेड गारमेंट का कारोबार है। पिता-पुत्र दुकान पर बैठते हैं। मंगलवार को धर्मपाल पहले घर के लिए निकल गए। इस बीच रात करीब 11 बजे हिमांशु और विनय दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इस बीच आकाश ने मिलने की बात कर हिमांशु को आर्य समाज रोड पर बुला लिया। हिमांशु और आकाश का रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद में आकाश ने अपने भाई अंकित, दीपक और दो अन्य लड़कों के साथ मिलकर हिमांशु को पीटना शुरू कर दिया।