रोहिणी इलाके में शुक्रवार दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एटीएम में कैश डालने जा रहे एक कर्मचारी को गोली मारकर 19 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पहले वैन के कर्मचारियों की आंख में मिर्च का पाउडर डालकर बैग छीनने की कोशिश की लेकिन विरोध करने पर उसे गोली मार दी।
लूटपाट कर भाग रहे बदमाशों पर कैशवैन में मौजूद गार्ड ने दो गोली चलाई, लेकिन बदमाश भागने में कामयाब हो गये। घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे एक कैश वैन रोहिणी सेक्टर 24 स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में रुपये डालने के लिए पहुंची। वैन में दो कर्मचारियों के अलावा एक चालक और गार्ड मौजूद थे। एटीएम पर पहुंचते ही दो कर्मचारी कैश बॉक्स लेकर वैन से नीचे उतरे और एटीएम की ओर जाने लगे।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंच गये और दोनों कर्मचारियों की आंख में मिर्च का पाउडर डाल दिया। उसके बाद एक बदमाश नवीन नाम के कर्मचारी से रुपयों से भरा बॉक्स छीनने लगे। नवीन ने इसका विरोध किया। बदमाशों ने उसके पेट में गोली मार दी और बॉक्स लेकर भागने लगे।
इसी दौरान कैश वैन में मौजूद गार्ड बृजेश बाहर निकला और भाग रहे बदमाशों पर गोली चला दी लेकिन गोली बदमाशों को नहीं लगी और वह भागने में कामयाब हो गये। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नवीन को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बेगमपुर थाने में लूटपाट की शिकायत दर्ज कर ली गयी है। जांच में 19 लाख रुपये लूटे जाने की बात सामने आयी है। पुलिस की टीम बदमाशों की पहचान करने में जुट गयी है।