जामा मस्जिद इलाके में कपड़े के निर्यातक के कार्यालय से एक करोड़ रुपये की चोरी करने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हेलमेट पहनकर चोरी करने वाले पड़ोसी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने इनके पास से 96.80 लाख रुपये बरामद भी कर लिए हैं। आरोपियों की पहचान जामा मस्जिद निवासी अब्दुल हसनैन (39) और सीताराम बाजार निवासी मदनलाल (45) के रूप में हुई है।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त एमएस रणधावा ने बताया कि गत 20 अक्तूबर को जामा मस्जिद के चांदी वाला फाटक इलाके में एक कपड़ा निर्यातक के कार्यालय से एक करोड़ पचास हजार रुपये की चोरी होने की सूचना मिली। निर्यातक कुणाल बंसल ने बताया कि रकम रखने के बाद वह कार्यालय बंद कर बाजार गया था। शाम को वापस आने पर रुपये चोरी हो गए थे।