दुबई में अच्छी जॉब दिलाने के नाम पर तीन युवकों ने एसजीएम नगर निवासी पंकज यादव से 1.10 लाख रुपये ठग लिए। यात्रा का जो टिकट दिया, वह भुगतान न होने की वजह से कैंसल हो चुका था। रुपये वापस करने के नाम पर 85 हजार रुपये का चेक दिया, वह भी बाउंस हो गया। उसने तीनों के खिलाफ एसजीएम नगर थाने में केस दर्ज कराया है।
पंकज के मुताबिक, वह दुबई में कोई अच्छी नौकरी ढूंढ रहे थे। इस दौरान उन्हें सईद मोहम्मद, निशांत और प्रशांत मोदी मिले। तीनों ने अच्छे संपर्क होने की बात कहकर उन्हें दुबई में अच्छी नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने वीजा ओर टिकट आदि तैयार कराने के लिए पंकज से 1.10 लाख रुपये मांगे। पंकज के मुताबिक, उसने 40 हजार रुपये प्रशांत के अकाउंट में और 65 हजार रुपये निशांत के अकाउंट में जमा कराए, जबकि पांच हजार रुपये नगद दिए थे।
कुछ दिन बाद तीनों ने उसे दुबई जाने के लिए ओमान एयरवेज का टिकट और वीजा दिया। सीट कंफर्म करने के लिए उन्होंने ओमान एयरवेज से संपर्क किया, तो बताया गया कि भुगतान नहीं होने की वजह से उनका टिकट कैंसल कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने अपने रुपये वापस मांगने के लिए निशांत से संपर्क किया। निशांत ने उसे 85 हजार रुपये का चेक दिया। चेक भुनाने गए तो खाते में पैसे नहीं होनेे की वजह से बैंक ने वापस कर दिया। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।