दिल्ली में रहकर दो नाइजीरियन नागरिक मादक पदार्थों की तस्करी करने में लगे हुए थे। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की वेस्टर्न रेंज ने दोनों नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल व पांच किलो गांजा बरामद किया गया है। बरामद केमिकल की कीमत कई करोड़ रुपये में बताई जा रही है।
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार वेस्टर्न रेंज के एसीपी राजकुमार की टीम मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को पकड़ने के लिए वसंतकुंज, उत्तम नगर, तिलक नगर व राजौरी गार्डन में लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी। इस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी नागरिक मादक पदार्थों की तस्करी करने में लगे हुए हैं। एसीपी राजकुमार को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नाइजीरियन नागरिक हेरी आईफेएनयी ओर ओबिओरा वार्ड नंबर-9, गौशाला रोड, किशनगढ़ में रहते हैं और मादक पदार्थों की तस्करी करने जाएंगे।