दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज मामले में विदेशियों से पूछताछ करेगी। अपराध शाखा ने दिल्ली के विभिन्न कोविड सेंटरों में ठहरे हुए विदेशियों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया है और कहा है कि वह सात दिन में अपराध शाखा की पूछताछ में शामिल हों।
अपराध शाखा ने जिन विदेशियों के पासपोर्ट मरकज से निकालते समय जब्त नहीं किए थे, उनके पासपोर्ट अब जब्त कर लिए हैं। अपराध शाखा के एक अधिकारी का कहना है कि विदेशियों को पूछताछ में शामिल होकर पूरा घटनाक्रम बताना होगा। विदेशी जमाती इंडोनेशिया, मलयेशिया, थाइलैंड, ईरान, चीन और बांग्लादेश आदि देशों के हैं।
ज्यादातर विदेशी मरकज से निकालकर निजामुद्दीन व पुल प्रह्लादपुर इलाके में बनाए गए कोविड सेंटर में रखे गए हैं। सेंटर में वे विदेशी हैं जो मरकज से पहले ही निकलकर इन इलाकों में चले गए थे।
दिल्ली पुलिस ने इन जमातियों को बाद में ढूंढा था। हालांकि विदेशियों के साथ क्या कार्रवाई होनी है ये गृहमंत्रालय व विदेश मंत्रालय तय करेगा। फिलहाल विदेशियों से पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस को अनुमति मिल गई है।
दूसरी तरफ अपराध शाखा ने दिल्ली सरकार के गृह विभाग को पत्र लिखा है कि विदेशियों को छोड़ने से पहले दिल्ली पुलिस को सूचित किया जाए। अपराध शाखा को विदेशी जमातियों के यात्रा संबंधी कागजात जब्त करने हैं। विदेशी जमातियों ने मरकज में जाकर वीजा नियमों का उल्लंघन किया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जोरशोर से जांच शुरू कर रखी है।