उत्तर प्रदेश के फूलपुर लोकसभा सीट से राजनीति में नई पारी शुरू करने जा रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अपने गुरु सरकार तलवार से सफलता पाने का आशीर्वाद मांगा है।
सरकार तलवार ने ही मोहम्मद कैफ के अधर में लटके कॅरियर को संभाला था। जिसके बाद उन्होंने क्रिकेट में सफलता की बुलंदियों को छुआ। तलवार इस समय फरीदाबाद में रहते हैं।
अमर उजाला से बातचीत में तलवार ने बताया कि मोहम्मद कैफ ने फोन पर उनसे चुनाव जीतने का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की तरह ही उनका शिष्य राजनीति में भी सफलता हासिल करेगा।
फरीदाबाद के नाहर सिंह स्टेडियम से खास नाता
चुनाव के बाद कैफ ने तलवार से मिलने का वादा भी किया। इस शहर से लगाव के कारण ही कैफ फरीदाबाद में 23 फरवरी को मैराथन में आए थे।
भारतीय अंडर-16 टीम के कोच रहे तलवार ने बताया कि नाहर सिंह स्टेडियम से मोहम्मद कैफ का खासा नाता रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1996 के इंग्लैड में होने वाले अंडर-16 विश्वकप का कैंप फरीदाबाद के नाहर सिंह स्टेडियम में लगाया गया था।
इस कैंप में सिलेक्टरों ने कैफ को बाहर कर दिया गया था। जिसकी सूचना कोच सरकार तलवार के पास भी पहुंची। तलवार मोहम्मद कैफ की प्रतिभा से परिचित थे।
राजनीति में खिलाड़ियों के आने से खेल का होगा भला
खेल में नेताओं के दखल को पूर्व खिलाड़ी सही नहीं मानते हैं। तलवार के अनुसार अगर खेल एसोसिएशनों में नेता लोग दखल दे सकते हैं तो खिलाड़ी राजनीति में क्यों नहीं।
पूर्व भारतीय विकेट कीपर विजय यादव ने कहा कि राजनीति में खिलाड़ियों के आने से खेल का भला होगा। राजनीति में मोहम्मद कैफ के अलावा अजरुद्दीन, चेतन शर्मा, कीर्ति आजाद और चेतन चौहान भी हैं।