- फर्जी लोन कॉल सेंटर, डिजिटल अरेस्ट और निवेश ठगी समेत छह मामलों का खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम जिला साइबर सेल ने एटीएम से साइबर ठगी की रकम निकालने वाले हॉटस्पॉट्स पर 24 घंटे का विशेष अभियान चलाकर 12 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छह मामले दर्ज कर 68 म्यूल बैंक खातों की जांच की, जिनमें स्कॉलरशिप फ्रॉड, फर्जी लोन कॉल सेंटर, डिजिटल अरेस्ट और निवेश ठगी समेत कई मामले शामिल हैं।
डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, साइबर अपराधी कमीशन के बदले लोगों से म्यूल बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम जमा कराते और विभिन्न एटीएम से नकदी निकाल लेते थे। 30 से अधिक साइबर कर्मियों की टीम ने 28 एटीएम और सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों तक पहुंची। 100 से अधिक राष्ट्रीय साइबर पोर्टल शिकायतें सामने आईं।
निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में छापे मारकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें म्यूल खाता संचालक, कमीशन एजेंट, कैश हैंडलर और कॉल सेंटर ऑपरेटर शामिल हैं। पुलिस ने 20 मोबाइल, 14 सिम, तीन कंप्यूटर, एटीएम कार्ड, चेक बुक, बैंक दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।