फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में मिलावटखोरों पर शिकंजा: कई जगह छापा, ब्रांडेड कंपनियों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई; साल भर चलेगी मुहिम

Fri, 30 Oct 2026 01:51 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में बुधवार को हुई कार्रवाई के दौरान घी के 15 नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
विज्ञापन
Raid Demo - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मिलावट की आशंका पर तीन जगह छापे मारकर 948.9 लीटर घी जब्त किया है। भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में बुधवार को हुई कार्रवाई के दौरान घी के 15 नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही घी में मिलावट की पुष्टि हो सकेगी। इस कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मिलावट के खिलाफ अभियान पूरे साल जारी रखने का फैसला किया है।

विज्ञापन


खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भोगल मार्केट, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ मार्केट और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में कार्रवाई की। भोगल से 389.9 लीटर और नजफगढ़ से 338 लीटर घी जब्त किया गया। वहीं, शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान 221 लीटर घी बरामद हुआ। भोगल और नजफगढ़ में घी के कुल 15 नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हाईटेक होगा खाद्य सुरक्षा विभाग
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को आधुनिक तकनीक से लैस करने का फैसला किया है। जांच प्रक्रिया तेज करने के लिए विभाग को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे और कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों से भी कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इन कदमों से खाद्य पदार्थों की नियमित निगरानी, नमूने लेने और अनियमितता मिलने पर समयबद्ध कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन


ब्रांडेड कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई 
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मिलावट के मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली ब्रांडेड कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सरकार त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखने के साथ सालभर मिलावट विरोधी अभियान चलाएगी। लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के नुकसान और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी शुरू किया जाएगा।

हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं शिकायत
खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता या एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 1800-11-3921 पर की जा सकती है। इस नंबर पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क करना होगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह होने पर विभाग को सूचना दें। सरकार के अनुसार, खाद्य पदार्थों की शुद्धता जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

करावल नगर में मिलावटी देसी घी की फैक्टरी पकड़ी
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाॅयड (एएटीएस) ने करावल नगर के शिव विहार में मिलावटी देसी घी बनाने वाली अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 221.550 किलोग्राम मिलावटी घी बरामद कर मोहम्मद समीर (22) को गिरफ्तार किया है। फैक्टरी से घी बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 28 अक्तूबर को एएटीएस टीम को शिव विहार फेस-10 की गली नंबर-22 में मिलावटी घी बनाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान 11 टिन और एक ड्रम में रखा मिलावटी घी बरामद हुआ। इसके अलावा दो गैस चूल्हे, एक एलपीजी सिलिंडर, रिफाइंड तेल के दो खाली टिन, वजन करने की मशीन, बड़े बर्तन और नापने वाले कप भी मिले।

पुलिस ने करावल नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद घी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि उसमें इस्तेमाल किए गए पदार्थों का पता चल सके। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घी की सप्लाई के ठिकानों और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें