फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: दिल्ली में मिलावट पर शिकंजा, 948.9 लीटर घी जब्त

विज्ञापन
विज्ञापन
भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे, 15 नमूने जांच के लिए भेजे, सालभर चलेगा मिलावट विरोधी अभियान
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मिलावट की आशंका पर तीन जगह छापे मारकर 948.9 लीटर घी जब्त किया है। भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में बुधवार को हुई कार्रवाई के दौरान घी के 15 नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही घी में मिलावट की पुष्टि हो सकेगी। इस कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मिलावट के खिलाफ अभियान पूरे साल जारी रखने का फैसला किया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भोगल मार्केट, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ मार्केट और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में कार्रवाई की। भोगल से 389.9 लीटर और नजफगढ़ से 338 लीटर घी जब्त किया गया। वहीं, शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान 221 लीटर घी बरामद हुआ। भोगल और नजफगढ़ में घी के कुल 15 नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

हाईटेक होगा खाद्य सुरक्षा विभाग
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को आधुनिक तकनीक से लैस करने का फैसला किया है। जांच प्रक्रिया तेज करने के लिए विभाग को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे और कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों से भी कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इन कदमों से खाद्य पदार्थों की नियमित निगरानी, नमूने लेने और अनियमितता मिलने पर समयबद्ध कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
ब्रांडेड कंपनियों पर भी होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मिलावट के मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली ब्रांडेड कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सरकार त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखने के साथ सालभर मिलावट विरोधी अभियान चलाएगी। लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के नुकसान और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन

हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं शिकायत
खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता या एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 1800-11-3921 पर की जा सकती है। इस नंबर पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क करना होगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह होने पर विभाग को सूचना दें। सरकार के अनुसार, खाद्य पदार्थों की शुद्धता जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें