विधानसभा में मुद्दा उठाने व स्थायी समिति के पत्र लिखने के बाद भी नहीं चेती एमसीडी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा में विधायकों की चिंता, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के संज्ञान और एमसीडी की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा के आयुक्त को पत्र लिखने के बावजूद राजधानी की सड़कों से लावारिस पशुओं की समस्या दूर नहीं हुई है। पश्चिमी जोन की स्थिति सबसे खराब है। मादीपुर गांव की मुख्य सड़क पर दिनभर सैकड़ों गायों का जमावड़ा लगा रहता है।
सड़क पर गायों के बैठे रहने से यातायात प्रभावित होता है और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अचानक सड़क पर आने वाली गायों के कारण वाहन चालकों को ब्रेक लगाना पड़ता है। इसी सड़क पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आने वाले श्रद्धालु भी परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार गायों की टक्कर से लोग घायल हुए हैं और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। सत्या शर्मा ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट लेकर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की जांच की जाएगी। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।