ग्रेटर नोएडा के चेरी काउंटी सोसायटी के पास रविवार शाम करंट लगने से एक गाय मर गई थी। इस मामले में एक महिला ने कार्रवाई के लिए आवाज उठाई है। सोसायटी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संप्रीति दत्ता ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
महिला का कहना है कि बिजली का तार खुला पड़ा था। इससे किसी अन्य की भी जान जा सकती थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बिना पोस्टमार्टम शव दफना दिया गया। अब, महिला ट्विटर पर आला अधिकारियों से शिकायत कर केस दर्ज करने की मांग कर रही है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गोवंशों की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कड़े प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद अक्सर गोवंश की दुर्दशा सामने आती है। ऐसा ही मामला रविवार को ग्रेनो वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में आया था।
संप्रीति दत्ता का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस को सबसे पहले पोस्टमार्टम कराना चाहिए। इसके बाद केस दर्ज कर जांच होनी चाहिए। आरोप है कि पुलिस ने केस दर्ज करने के लिए साफ मना कर दिया। जबकि सरकारी पशु चिकित्सक पंचनामे के लिए तैयार थे। डीसीपी सेंट्रल जोन हरीश चंदर ने बताया कि अगर महिला लिखित तहरीर देती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।