दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना के 1656 नए मरीज मिलने के साथ ही संक्रमण दर 5.39 फीसदी दर्ज की गई है। हालांकि किसी भी मरीज ने कोरोना संक्रमण के चलते दम नहीं तोड़ा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बीते चार फरवरी को कोरोना के 2272 मरीज मिले थे।
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 1656 नए मरीज मिले हैं, जो कि बीते चार फरवरी के बाद सर्वाधिक हैं। चार फरवरी को 2272 मरीज मिले थे। इसके अगले दिन 1604 नए मरीज मिले थे। राहत की बात यह है कि बीते एक दिन में 1306 लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ भी हुए हैं व एक भी मरीज ने कोरोना संक्रमण के चलते दम नहीं तोड़ा है। नए मामलों के साथ संक्रमण दर 5.39 फीसदी दर्ज की गई है, जोकि बीते एक दिन के मुकाबले कम है। इससे एक दिन पहले संक्रमण दर 6.35 दर्ज की गई थी।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक होम आइसोलेशन में 4269, अस्पताल में 200, आईसीयू में 56, ऑक्सीजन सपोर्ट पर 58 व वेंटिलेटर पर चार मरीज भर्ती हैं। बीते एक दिन में कोरोना के 30709 टेस्ट किए गए हैं। इसमें से 20710 आरटीपीसीआर व 9999 एंटीजन टेस्ट हुए हैं। बीते 24 घंटे में 42547 लोगों ने कोविड के संक्रमण से बचाव का टीका लगवाया है।
सक्रिय मरीजों की संख्या छह हजार के पार
वहीं नए मामलों में उछाल आने के कारण सक्रिय मरीजों की संख्या छह हजार के आंकड़े को पार करते हुए 6096 पर पहुंच गई है। इस समय कंटेनमेंट जोन की संख्या 1597 है।