एक माह से भी अधिक समय तक ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) में बंद रहा जनादेश शुक्रवार को बाहर निकलेगा। दोपहर तक तय हो जाएगा कि शहर से संसद तक की 28 किलोमीटर की दूरी कौन तय करेगा।
वोटों की गिनती के साथ-साथ एक तरह से शहर की ‘धड़कन’ भी गिनी जाएगी। पता चलेगा कि कांग्रेस डोमिनेटेड यह शहर कांग्रेसमय रहता है या फिर यहां भगवा फूल खिलता है। इन्हीं दो के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। इनेलो, बसपा एवं आम आदमी पार्टी ने भी अच्छी मेहनत की है, लेकिन एग्जिट पोल तो फिलहाल भाजपा के पक्ष में है। यही परिणाम विधानसभा चुनाव की तस्वीर भी रेखांकित करेगा।
जनादेश को अपने-अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशियों ने देवी-देवताओं से मन्नत मांगी। कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का प्रशिक्षण दिया। उधर, बृहस्पतिवार को चुनावी चक्कलस जोरों पर रही। हर कोई चुनावी गणित में उलझा हुआ था। अलग-अलग पार्टी वाले अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के दावे कर रहे थे। कुछ यह कह रहे थे कि शुक्रवार को पता ही चल जाएगा कि कौन कितने पानी में है।
मतगणना को लेकर सभी प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ गईं। सब सुबह से लेकर देर रात तक अपने समर्थकों से घिरे रहे। गिनती देखने के लिए कहां किस कार्यकर्ता को लगाना है, इसकी रणनीति बनाते रहे। इनेलो प्रत्याशी एडवोकेट आरके आनंद वैसे तो मतदान के बाद ही फरीदाबाद से फुर्र हो गए थे, लेकिन मतगणना के एक दिन पहले उन्होंने शहर में डेरा डाल लिया। दिन भर कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली।
बहरहाल चाहे जीत के लिए कोई कितने भी जतन देवी-देवताओं को मनाने के लिए कर रहा हो, लेकिन सुबह ईवीएम से निकला जनादेश ही बताएगा कि किसका भाग्य जागा है।
वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव का रिपोर्ट कार्ड विधानसभा कांग्रेस भाजपा बसपा हथीन 33694 21208 21220 होडल 25316 25965 12883 पलवल 28650 25229 19892 पृथला 24125 25510 19337 एनआईटी 28305 16333 7558 बड़खल 30022 13775 5695 बल्लभगढ़ 25459 20203 6033 फरीदाबाद 29679 22952 8362 तिगांव 32598 18459 12471 पोस्टल वोट 16 29 2 कुल प्राप्त मत 257864 1,89,663 1,13,453 वोट प्रतिशत -41.26 -30.35 -18.15