‘साधू-संतों के वेश में छुपे दुराचारियों पर नजर रखने के लिए काउंसलिंग की जरूरत है। हर क्षेत्र में कोई न कोई बुरा आदमी शामिल हो जाता है। ऐसे में कोई एक विशेष क्षेत्र को बुरा नहीं माना जाता।
वैसे साधू संतों पर निगरानी बनाए रखने के लिए गैर सरकारी काउंसिल गठित होनी चाहिए।’ यह कहना है आर्ट ऑफ लीविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर का।
गाजियाबाद के कविनगर रामलीला मैदान में सत्संग करने पहुंचे श्रीश्री रविशंकर ने पहले पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि लोगों की बदलती जीवनशैली ने न केवल तनाव बल्कि हिंसा को भी जन्म दिया है।
उन्होंने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से देश भर में केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों पर तनाव से मुक्ति, स्किल डेवलपमेंट और कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में भारी अंतर से महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ा है।
एक सवाल के जवाब में श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि पाकिस्तान से संबंध सुधारने को राजनीतिक और धर्म गुरुओं केसहयोग से शांति वार्ता की जा सकती है।
फिर भी यदि पड़ोसी देश शांति और प्रेम की भाषा नहीं समझता तो भारत को दूसरे विकल्प भी तैयार रखने होंगे। बार्डर पर यदि शस्त्रों से वार होता है तो हमारे देश को भी तैयार रहना होगा।
सत्संग पर होने वाले खर्च पर जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने उत्तर में सवाल करते हुए कहा कि जब बॉलीवुड सितारे करोड़ों रुपये की फिल्म बनाते हैं और अपनी जेब में पैसा रखते हैं तब लोगों को उसमें कोई खर्च नजर नहीं आता। यदि किसी धर्म गुरु के सत्संग की व्यवस्था बनाने पर खर्च होता है तो वह मीडिया कीनजरों में आ जाता है।
नम:शिवाय से गूंजा शहर, सत्संग में उमड़ी भीड़
दस वर्ष बाद गाजियाबाद पहुंचे श्रीश्री रविशंकर के सत्संग में कविनगर रामलीला मैदान में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रीश्री रविशंकर के मंच पर पहुंचते ही कविनगर रामलीला मैदान नम:शिवाय से गुंजायमान हो उठा।
इस दौरान एक तरफ जहां गुरु भक्तों पर फूलों की वर्षा कर रहे थे, वहीं हर भक्त अपनी बात गुरु तक पहुंचाने की ललक में अपनी-अपनी चिट्ठी उन तक पहुंचाई।
गुरू के साथ ही पूर्व रक्षा मंत्री और सांसद वीके सिंह व उनकी पत्नी भारती सिंह भी मंच पर उपस्थित रहे। इनके साथ ही मंच पर सीडीओ विनोद कुमार यदुवंशी, एडीएम सिटी रक्षपाल सिंह, डासना देवी मंदिर के महंत यतिनरसिंहानंद सरस्वती आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में आर्ट ऑफ लीविंग के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।