फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनसीआर में कोरोना Live: दिल्ली में आज मिले रिकॉर्ड 3137 संक्रमित, 66 की मौत

Fri, 19 Jun 2020 11:58 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते संक्रमण के चलते रोजाना कोई न कोई नई घोषणा हो रही है। ऐसे ही आज गृहमंत्रालय ने निजी अस्पतालों की फीस पर नियंत्रण लगाने का फैसला किया है तो दिल्ली में होम आइसोलेशन खत्म करने के भी आदेश पारित हुए हैं। इस बीच दिल्ली के डीसीपी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है तो गाजियाबाद में जिस महिला की वजह से एक पूरा अस्पताल सील करना पड़ा था, अब वही अस्पताल से भाग गई है। पढ़ें सभी अपडेट्स....
विज्ञापन
कोरोना वायरस (फाइल फोटो) - फोटो : शुभम बंसल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में आज मिले सबसे ज्यादा 3137 संक्रमित, 66 की मौत

विज्ञापन

दिल्ली में आज सर्वाधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। 3137 मरीज मिले हैं और आज 66 मौतें हुई हैं। राजधानी में अब तक कोरोना से 2035 लोगों की जान जा चुकी है और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 53116 हो गया है

कोविड शवों की अंत्येष्टि 13 स्थान चिन्हित 
उतरी दिल्ली नगर निगम के निगमबोध घाट में कोविड शवों के अंतिम संस्कार के लिए 13 नए चिता स्थानों को चिन्हित किया गया है जिसके बाद श्मशान में 57 कोविड मरीजों का अंतिम संस्कार किया जा सकेगा। निगमबोध श्मशान घाट में फिलहाल 44 चिता स्थान हैं, जहां कोरोना शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। श्मशान घाट में लगातार शवों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन


गाजियाबाद में चार की मौत, 40 संक्रमित
जिले में कोरोना के 40 मरीज मिले और चार लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है। दो मौतें पहले हुई थी, जबकि मोदीनगर निवासी महिला व विजय नगर के व्यक्ति की मौत संतोष अस्पताल में शुक्रवार को हुई है। 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 797 हो गई है। अब तक 429 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि 40 की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने चारों मरीजों की मौत की पुष्टि की है। 

दिल्ली में रिकवरी रेट बढ़कर पहुंची 42.69 प्रतिशत
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच एक राहत भरी खबर है। लगातार 13 दिनों से 40 प्रतिशत के नीचे दर्ज की जा रही कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट शुक्रवार को बढ़कर 42.69 प्रतिशत पहुंच गई। यह आंकड़े सरकार द्वारा जारी किए गए हैं। पिछले दो सप्ताह में यह पहली बार है जब दिल्ली में कोरोना के मरीजों की रिकवरी रेट 40 प्रतिशत के पार गई है।

होम क्वारंटीन के नियम को लेकर उप राज्यपाल ने पारित किया आदेश
दिल्ली में अब कोरोना मरीजों के लिए होम क्वारंटीन की सुविधा को खत्म कर दिया गया है। उप राज्यपाल अनिल बैजल ने इससे संबंधित आदेश को पारित कर दिया है। आदेश के मुताबिक दिल्ली में कोरोना मरीजों के लिए क्वारंटीन सेंटर में पांच दिनों के लिए क्वारंटीन रहना अनिवार्य होगा।

गौतमबुद्ध नगर में 89 नए मरीज
गौतमबुद्ध नगर जिले में शुक्रवार को 89 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। वहीं 56 मरीजों को आज डिस्चार्ज किया गया है। जिले में अब तक 660 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। गौतमबुद्ध नगर में अब 584 एक्टिव मरीज बचे हुए हैं।

बुराड़ी में बन रहा है नया वर्ल्ड क्लास अस्पताल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया कि बुराड़ी में दिल्ली सरकार का 700 बेड का नया वर्ल्ड क्लास अस्पताल बन रहा है। करोना के इलाज के लिए हम 450 बेड्स अभी शुरू कर रहे हैं। इसका जायजा लेने के लिए आज मैं (केजरीवाल) और मनीष सिसोदिया गए थे।
 

डीसीपी नई दिल्ली कोरोना पॉजिटिव
नई दिल्ली के डीसीपी ईश सिंघल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी रिपोर्ट आज ही आई है। इसके बाद डीसीपी ऑफिस को सील कर सैनिटाइज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार डीसीपी इस वक्त होम आइसोलेशन में हैं।

गुरुग्राम में आज 145 नए मामले सामने आए हैं
गुरुग्राम में आज कोरोना के कुल 145 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही अब यहां संक्रमितों की कुल संख्या 4136 हो गई है। आज 128 मरीज ठीक हुए हैं, वहीं चार की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गुरुग्राम में अब 1789 एक्टिव केस हैं, वहीं 2292 मरीज ठीक हो गए हैं।
विज्ञापन

 
फरीदाबाद में सामने आए 91 नए केस
फरीदाबाद में आज 91 नए केस सामने आए हैं, वहीं 5 मौतें हुई हैं। अब यहां कुल संक्रमितों की संख्या 2003 हो गई है, वहीं 51 मौतें कोरोना से हो चुकी हैं।

आयकर विभाग के इंस्पेक्टर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव
आयकर विभाग के एक इंस्पेक्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके चलते आयकर भवन के 9वें मंजिल का कल सैनिटाइजेशन होगा।

संक्रमित महिला हंगामा कर अस्पताल से भाग गई घर 
गाजियाबाद में जिस कोरोना संक्रमित महिला को अस्पताल में भर्ती करने के बाद पूरा अस्पताल सील करना पड़ा, उसी ने डिस्चार्ज करने को लेकर हंगामा कर दिया और जबरदस्ती घर चली गई। महिला को अस्पताल से ले जाने में उसके पति ने भी सहयोग किया। अस्पताल की डॉक्टर, नर्स और सुरक्षाकर्मियों ने दूर से ही महिला को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह चिल्लाती हुई अस्पताल से भाग गई। महिला को ब्लड बैंक में कार्यरत एक कर्मचारी की सिफारिश पर भर्ती किया गया था। स्टाफ के पास उसका पता नही हैं। अस्पताल से जाते ही महिला ने मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें