दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में काफी संख्या में लोग कोरोना संक्रमित हो रहे हैं। वसंतकुंज के बी-1 के डीडीए पॉकेट में अब तक 13 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके बावजूद विभाग की तमाम लापरवाहियां सामने आ रहीं हैं। मंगलवार को कोरोना से संक्रमित कुछ लोगों ने एंबुलेंस के लिए सुबह कॉल की, लेकिन एंबुलेंस रात को पहुंची।
इससे नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। वसंतकुंज (नार्थ) पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार बी-1, वसंतकुंज की डीडीए पॉकेट में कुछ दिन पहले पांच-छह लोग कोरोना संक्रमित हो गए थे।
इस कारण से डीडीए पॉकेट को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया था। इसके बाद यहां के कुछ लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया था। मंगलवार को सात-आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संक्रमितों को अस्पताल ले जाने के लिए कुछ लोगों ने एंबुलेंस को कॉल की थी।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस रात करीब साढ़े आठ बजे पहुंची थी। कोरोना संक्रमित लोगों ने रात को क्वारंटीन सेंटर जाने से मना कर दिया। इसमें कुछ महिला व लड़कियां भी थीं। एंबुलेंस वाले संक्रमितों को जबरदस्ती सेंटर ले जाने पर अड़े हुए थे।
किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने के बाद वसंतकुंज(नार्थ) थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने के बाद कुछ लोग रात को क्वारंटीन सेंटर चले गए, जबकि बाकी लोगों को बुधवार सुबह क्वारंटीन सेंटर भेजा गया।