रविवार को कोरोना संक्रमण के 32 नए मामले सामने आए हैं। यह पहली बार है कि जब एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में केस सामने आए हैं। हालांकि इनमें से 14 मामलों की रीसैंपलिंग कराने का आदेश भी स्वास्थ विभाग ने दिया है। इस तरह से जिले में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामले 319 हो गए हैं।
दक्षिणी निगम के एक और सफाई कर्मचारी की कोरोना से मौत
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में एक और सफाई कर्मचारी की कोरोना से मौत का मामला सामने आया है। वह कर्मचारी बदरपुर स्थित वार्ड नंबर-95 में कार्यरत था और पहले से ही मधुमेह रोग से पीड़ित था। तबीयत खराब होने के बाद उसे लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में डायलिसिस के लिए लोकनायक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सफाई कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। गौरतलब है कि इससे पहले भोगल में तैनात सफाई कर्मचारी की एम्स में मौत हो गई थी और वह भी कोरोना पीड़ित था।
बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के लिए मार्शल मुस्तैद
बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने में मार्शल जुटे हुए हैं। राजधानी के कई बस स्टॉप पर मार्शल इसके लिए तैनात हैं जो आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं ये मार्शल बसों में सवार होने वाले मुसाफिरों की थर्मल स्क्रीनिंग भी कर रहे हैं। हालांकि रविवार होने की वजह से बसों में यात्रियों की संख्या कम रही। द्वारका और समालखा बस स्टॉप पर मौजूद मार्शल ने बातचीत में बताया कि बस में सवार होने से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाती है।
मोतीनगर थानाध्यक्ष समेत 15 पुलिसकर्मी पॉजिटिव
दिल्ली पुलिस में कोरोना से संक्रमित पुलिसकर्मियों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। मोतीनगर थाने के थानाध्यक्ष समेत 15 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें थानाध्यक्ष समेत दो इंस्पेक्टर, चार सब इंस्पेक्टर, चार हवलदार, चार सिपाही और थाने का केयर टेकर शामिल है। हालांकि, इनमें से सभी की तबीयत अभी तक ठीक बताई जा रही है।
हिंदूराव अस्पताल की एक और नर्स पॉजिटिव
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सबसे बड़े हिंदूराव अस्पताल में एक और नर्स कोरोना की चपेट में आ गई है। वह अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में कार्यरत थी। तबीयत खराब होने के बाद जब उनका कोरोना टेस्ट कराया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि, अभी उनके संपर्क में रहे अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का पता लगाया जा रहा है। अस्पताल में 24 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से कुछ स्वास्थ्यकर्मी वापस काम पर लौट चुके हैं। गौरतलब है कि हिंदूराव अस्पताल में सबसे पहले एक नर्स में कोरोना का मामला सामने आया था। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया था। अभी कुछ दिन पहले ही अस्पताल ने अपने सभी ओपीडी की सेवाओं को फिर से बहाल किया है।
दिल्ली नोएडा बार्डर रहेगा सील
गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने रविवार को जारी दिशा-निर्देश में कहा है कि दिल्ली-नोएडा बॉर्डर लोगों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। प्रशासन ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि पिछले 20 दिनों में 42 प्रतिशत मामलों का संक्रमण स्रोत दिल्ली में पाया गया है।
जिला प्रशासन ने 21 अप्रैल को दिल्ली नोएडा बॉर्डर पर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अंतरराज्यीय यात्रा प्रतिबंध में एम्बुलेंस, डॉक्टरों, माल वाहक, मीडिया, कोरोना सेवाओं में शामिल लोगों और प्रशासन द्वारा जारी पास वाले लोगों को छूट दी जाएगी।
दिल्ली सरकार ने अस्पतालों को जारी किया नोटिस
दिल्ली सरकार ने एम्स, लोकनायक अस्पताल, आरएमएल अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल को कोरोना वायरस से हो रही मौतों की जानकारी देने में देरी के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसी के साथ सरकार ने बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, गुरु तेग बहादुर अस्पताल, और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को कोरोना वायरस से हुई मौतों की जानकारी में देरी के लिए ज्ञापन जारी किए गए हैं ।
दिल्ली में कोरोना के रिकॉर्ड मामले
दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के 1295 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 19844 हो गई है। रविवार को राजधानी में 416 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। जबकि अबतक 8478 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार कोरोना वायरस से रविवार को 13 लोगों की मौत हुई। अबतक दिल्ली में कोरोना वायरस से 473 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी 10893 एक्टिव केस हैं।
कालकाजी मंदिर खोलने की तैयारी
दिल्ली का कालकाजी मंदिर प्रशासन लॉकडाउन के बाद मंदिर खोलने के लिए एहतियाती कदम उठा रहे हैं। सरकार ने 8 जून से सभी धार्मिक स्थलों को फिर से खोलने की अनुमति दे दी है। मंदिर के पुजारी ने कहा कि हम सामाजिक दूरी और मंदिर की सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करेंगे। भक्तों से अनुरोध है कि वो मास्क पहने और प्रसाद लाने से भी बचें।
लॉकडाउन के कारण दिल्ली पर मंडराया आर्थिक संकट
कोरोना काल के इस दौर में दिल्ली को अब आर्थिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। रविवार को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दिल्ली सरकार के पास अब कर्मचारियों को देने के लिए पैसे नहीं हैं। दिल्ली सरकार को आर्थिक सहायता की जरूरत है इसलिए केंद्र उन्हें तत्काल पांच हजार करोड़ रुपये की सहायता करे।
दिल्ली पुलिस के एक अन्य कर्मचारी की कोरोना से मौत
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को कोरोना संक्रमण से पुलिसकर्मी की मौत का तीसरा मामला सामने आया है। 52 वर्षीय पुलिसकर्मी की आज कोरोना से मौत हो गई।
कोरोना से एक पुलिसकर्मी की मौत
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा में नियुक्त एक पुलिसकर्मी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। डीसीपी सेंट्रल, संजय भाटिया ने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया था, जिसके बाद उनका उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर चेकिंग
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर आवागमन करने वालों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है। पास और आईडी कार्ड देखने के बाद ही लोगों को बॉर्डर पार करने की अनुमति दी जा रही है। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने अपनी सीमा को पूरी तरह सील कर दिया है।