नोएडा में मिला कोरोना का नया स्ट्रेन
ब्रिटेन में पाए गए कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन ने भारत में भी दस्तक दे दी है। अब तक नए स्ट्रेन के कई मरीज सामने आ चुके हैं। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। मंगलवार को मेरठ में ढाई साल की बच्ची के बाद अब गौतमबुद्ध नगर में भी नए स्ट्रेन का एक मामला सामने आया है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य ने बुधवार को नोएडा में कोरोना संक्रमण के नए स्ट्रेन वाले एक मरीज होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन से लौटी नोएडा सेक्टर-50 निवासी महिला (33) में कोरोना के नए रूप की पुष्टि हुई है। उनका इलाज ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में चल रहा है। महिला की 26 दिसंबर को आरटी-पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इसके बाद कोरोना का नया रूप पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) दिल्ली भेजा गया था जहां से पुष्टि हो गई। उत्तर प्रदेश में इस स्ट्रेन के अब तक दो मरीज मिल चुके हैं।