सिसोदिया ने बताया कि इसके बढ़ने की गति को हम जितना नियंत्रित कर सकेंगे उतना ही अच्छा होगा। इसके लिए हमने डीडीएम की बैठक में फैसला किया है कि दिल्ली में शनिवार और रविवार को वीकेंड कर्फ्यू रहेगा। दूसरा ये कि दिल्ली में जो भी सरकारी दफ्तर हैं, वहां जरूरी काम को छोड़कर सभी कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। निजी कंपनियों में 50 प्रतिशत स्टाफ ही काम करेंगे।
मनीष सिसोदिया ने बताया कि बसों और मेट्रो में 50 प्रतिशत सीट क्षमता होने के चलते लंबी लाइनें लग रही थीं जिससे ओमिक्रॉन के सुपर स्प्रेड होने का खतरा वहां से बढ़ गया था। इसी के चलते फैसला लिया गया है कि बसें और मेट्रो अब पूरी क्षमता के साथ चलेंगी लेकिन बिना मास्क के किसी को एंट्री नहीं मिलेगी। मास्क को हर हाल में अनिवार्य बनाया जाएगा। एक सवाल के जवाब में सिसोदिया ने कहा कि शनिवार और रविवार को पूरी तरह से कर्फ्यू लागू होगा।
ऑक्सीजन सप्लाई की रियल-टाइम निगरानी करेगी सरकार
दिल्ली सरकार ने कोरोना की तीसरी लहर के खिलाफ कमर कस ली है। सरकार ने मंगलवार को प्रदेश में ऑक्सीजन आपूर्ति सुचारु करने और उसकी रियल-टाइम निगरानी करने के लिए एक्शन प्लान जारी किया है।
दिल्ली सरकार ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि दिल्ली में सरकारी और निजी मिलाकर कुल 53 अस्पतालों में ऑक्सीजन टैंकों में टेलीमेट्री डिवाइस लगा दी गई हैं। इनकी लाइव निगरानी कोविड वार रूम के माध्यम से की जाएगी।