नोएडा के कुछ स्कूलों की ओर से अभिभावकों से फीस मांगी जा रही है। वहीं, कुछ स्कूलों की शिकायत मिली है कि वह फीस बढ़ाकर मांग रहे हैं। जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने सभी स्कूलों को लॉकडाउन के दौरान फीस नहीं मांगने के निर्देश दिए हैं। अगर उन्होंने ऐसा किया तो स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने इसके लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को निर्देश भी दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि सीबीएसई और आईसीएसई की ओर से दिशा-निर्देश आए हैं। इसके अलावा आपदा अधिनियम घोषित हो चुका है, इसलिए स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि 14 अप्रैल तक फीस न मांगी जाए।
इसके बाद सरकार अथवा सीबीएसई और आईसीएसई के जो भी निर्देश आएंगे, उनका पालन कराया जाएगा। डीएम ने बताया कि इस समय स्कूलों की ओर से ऑनलाइन क्लास शुरू की जा रही है। साथ ही अभिभावकों पर फीस के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी स्कूल की ओर से कानून का उल्लंघन किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि एक स्कूल की ओर से फीस जमा नहीं होने पर एक छात्रा की ऑनलाइन क्लास बंद करा दी गई है। जबकि कुछ स्कूलों ने फीस सर्कुलर जारी कर दिए हैं। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को इस मामले में रिपोर्ट देने को कहा है। ताकि वह स्कूलों से संपर्क कर सकें।