गुरुग्राम में कोरोना मरीजों के स्वस्थ की संख्या भले ही समान हो गई, लेकिन मरने वालों की संख्या अभी भी बढ़ रही है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले में कोरोना के चलते एक मरीज की मौत हुई, जबकि 255 नए मरीज आए।
गुरुवार को 201 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ गुरुग्राम में कुल संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 24575 हो गई है। 255 नए मरीजों के आने के बाद अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2390 हो गई है, जिसमें से 2229 मरीज होम आइसोलेट हैं। अब तक कोरोना की चपेट में आए 24575 लोगों में से 22006 मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हो चुके हैं।
जिले में संक्रमितों के स्वस्थ होने का समग्र अनुपात भी बढ़ने लगा है। 88 फीसदी से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। गुरुवार को जिले में 3007 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई, जिसमें से 2124 लोगों की आरटी-पीसीआर किट के जरिए जांच की गई जबकि 883 की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई।
वहीं, अब भी मरीजों को रिपोर्ट दो दिन बाद मिलने से जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा सूची लंबी है और 1487 लोगों की जांच रिपोर्ट लंबित है। हालांकि, निगरानी में रहने वाले लोगों व यात्रियों की बात करें तो इस सूची में अब भी 40657 लोग शामिल हैं। ये लोग किसी न किसी तरीके से स्वास्थ्य विभाग की निगरानी सूची में शामिल हैं।