गुरुग्राम में कोरोना के मामले में अगस्त के प्रथम सप्ताह में स्थितियां काफी बेहतर होने लगी थीं, लेकिन दूसरे सप्ताह से हालात फिर से पहले जैसे होने लगे। अब प्रतिदिन स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में कहीं ज्यादा नए मरीज आ रहे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की चिंता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में रविवार को भी 113 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई तो 70 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया।
जिले में रविवार को भी एक भी संक्रमित की मौत नहीं हुई, जिससे मृतकों की संख्या अब भी 131 पर सीमित है। 113 नए मरीजों के आने के बाद अब जिले में कुल कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 10971 हो गई है, जिसमें से 9978 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 862 मरीज उपचाराधीन हैं। हालांकि, मरीजों के स्वस्थ होने से अब जिले के अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी कम हो रही है।
कुल मरीजों में से 765 होम आइसोलेट हैं, जिनमें से अधिकांश में संक्रमण के लक्षण भी नहीं हैं। अस्पतालों में भर्ती कुल मरीजों में से 17 जिला कोविड अस्पताल, 71 मरीज जिला कोविड हेल्थ सेंटर और 9 मरीज कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। रविवार को जिले में कोविड-19 की जांच के लिए 2115 लोगों ने नमूने दिए। इसमें से निजी लैब में जांच के लिए 388 नमूने भेजे गए तो शासकीय लैब और रैपिड एंटीजन किट के जरिए 1727 नमूनों की जांच की जाएगी। अब तक जिले में 1,49,203 लोग कोरोना की जांच करा चुके हैं।