गुरुग्राम में मंगलवार को कोरोना के 98 नए मरीज सामने आए जबकि 55 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। पिछले सप्ताह स्थिति काफी बेहतर हो गई थी लेकिन अगस्त के दूसरे सप्ताह में मरीजों की संख्या फिर से बढ़नी शुरू हो गई है। इसी के साथ अब तक कोरोना की चपेट में आ चुके कुल मरीजों की संख्या 10458 तक पहुंच गई है, जिसमें से 9565 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
नए मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण मरीजों के स्वस्थ होने का अनुपात फिर से नीचे आना शुरू हो गया है। अब 92 फीसदी मरीज स्वस्थ हैं, जबकि एक सप्ताह पहले यह आंकड़ा 92 फीसदी से भी ज्यादा था। हालांकि, अब जिले में महज 763 मरीज ही उपचाराधीन हैं, जिसमें से 643 मरीज होम आइसोलेट हैं। उपचाराधीन कुल मरीजों में से 15 मरीज जिला कोविड अस्पताल, 83 मरीज जिला कोविड हेल्थ सेंटर और 22 मरीज कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं।
पिछले डेढ़ माह से जिले में प्रतिदिन 2 हजार से भी ज्यादा लोगों की कोविड-19 की जांच की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को भी 2506 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 529 नमूने निजी लैब में जबकि 1977 नमूनों की शासकीय लैब और एंटीजन किट के जरिए जांच की गई। अब तक जिले में 1 लाख 41427 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें से 128463 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 10458 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जबकि 63 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।