गुरुग्राम में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने का अनुपात बढ़ने से संक्रमितों की कुल संख्या में तो कमी आई है लेकिन मृतकों का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भी कोरोना से तीन मरीजों की मौत हो गई, जबकि 133 नए संक्रमित सामने आए। इसी के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4645 हो गई है।
इसी क्रम में मंगलवार को भी 117 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया, जिसके बाद अब तक जिले में 2743 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि पिछले 10 दिन के दौरान मरीजों के स्वस्थ होने का अनुपात नए मरीजों के आने से ज्यादा रहा है। पिछले 10 दिन में 1520 नए मरीज आए हैं तो 1583 मरीज स्वस्थ हुए हैं। मंगलवार को 3 मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है। 117 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अज जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 1833 रह गई है। जून माह में अब तक जिले में 6 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।
423 लोगों को जांच रिपोर्ट का इंतजार
सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में जांच शुरू होने के बावजूद जिले में जांच रिपोर्ट के लंबित होने का क्रम जारी है। मंगलवार को भी 423 लोगों की जांच रिपोर्ट लंबित थी। मंगलवार को कोविड-19 की जांच के लिए कुल 633 लोगों से नमूने लिए गए, जिसमें से 237 शासकीय लैब व 396 नमूने निजी लैब में भेजे गए। अब तक जिले में 24707 की जांच हो चुकी है, जिसमें से 19429 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 4645 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कुल उपचाराधीन मरीजों में से 1255 होम आइसोलेट हैं, 103 मरीज कोविड अस्पताल और 409 मरीज कोविड हेल्थ सेंटर में उपचाराधीन हैं। वहीं, 66 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं।