कोरोना की दृष्टि से जिले के लिए गुरुवार का दिन राहत भरा रहा। अन्य दिनों की अपेक्षा नए मरीजों की संख्या कम रही तो मरीजों की मौत का आंकड़ा भी कम रहा। गुरुवार को जिले में कोरोना के 129 नए मरीज आए और सिर्फ एक की मौत हुई। जून माह में अब तक एक दिन में आए कोरोना मरीजों की यह न्यूनतम संख्या है।
वहीं, जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या भी बढ़कर 3991 हो गई, जिसमें से 1775 मरीज उपचाराधीन हैं। गुरुवार को 215 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए, जिसके बाद अब स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 2164 हो गई है। बता दें कि एक जून से लेकर अब तक सिर्फ 18 दिन में ही 49 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं, जून माह में ही 3 हजार से ज्यादा मरीज सामने आए हैं।
उपचाराधीन 1775 मरीजों में से 1201 मरीज होम आइसोलेट हैं, 167 मरीज कोविड अस्पताल और 354 मरीज कोविड हेल्थ सेंटर में उपचाराधीन हैं। वहीं, 53 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। अब तक जिले में 21263 लोगों की जांच हो चुकी है, जिसमें से 16482 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 3991 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को 790 मरीजों से नमूने लिए गए, जिसमें से 510 निजी लैब व 280 नमूने शासकीय लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं।
18 दिन में आए 3215 मरीज तो 49 की मौत
जून माह में ही अब तक 18 दिनों में कोरोना के 3217 नए मरीज आ चुके हैं, जबकि 49 मरीजों की मौत भी हुई है। वहीं, 1880 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। 31 मई को जिले में कोरोना के कुल 774 मरीज थे, जबकि सिर्फ 3 मरीजों की मौत हुई थी। वहीं, इस वक्त तक सिर्फ 284 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया था। स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर अब 2164 हो गई है। जिले में मरीजों के स्वस्थ होने की दर इस समय करीब 54 फीसदी है।
धुलने योग्य मास्क का कर सकते हैं इस्तेमाल
मास्क के उपयोग को लेकर भी जिला उपायुक्त ने कई अहम दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिसके मुताबिक धुलने योग्य मास्क का इस्तेमाल किया जा सकता है। कॉटन व अन्य ट्रिपल लेयर मास्क को साबुन से अच्छे तरह धोकर उन्हें सुखाने के बाद इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, डीसी की तरफ से गंदे व गीले मास्क का उपयोग न करने की सलाह दी गई है जबकि उपयोग किए हुए मास्क को कचरे में फेंकने के बाद अच्छे से हाथ धोने की भी सलाह दी गई है।