गुरुग्राम में कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
गुरुग्राम में एक माह के बाद पहली बार कोरोना के मरीजों की संख्या घटकर एक हजार से कम हो गई है। जिले में अब 83 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके है। सोमवार को जिले में 109 नए मरीज सामने आए तो वहीं 182 मरीज ठीक हुए है। एक मरीज की मौत होने के बाद कुल मरने वालों की संख्या 101 पहुंच गई।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में कोरोना मरीजों की संख्या अब तेजी से कम होने लगी है, विभाग व प्रशासन की तरफ से बचाव को लेकर हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं।
जिले में कोरोना संक्रमित मृतकों की संख्या बढ़कर अब 101 हो गई है। इसमें से 37 मरीज ऐसे थे जिनको पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। वहीं 64 मरीज पहले से ही किडनी, हार्ट, लीवर, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज समेत अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। वहीं, इनमें से अधिकांश की उम्र 50 साल से ज्यादा थी। सोमवार को 109 नए मरीजों के आने के बाद जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या अब 6058 हो गई है। इसमें से 5010 (83 फीसदी) मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1000 से भी कम महज 947 रह गई है।
अब महज 706 मरीज होम आइसोलेट
उपचाराधीन कुल मरीजों में से 706 होम आइसोलेट हैं, जिनमें कोरोना के हल्के लक्षण हैं। वहीं, अस्पतालों में भर्ती कुल मरीजों में से 34 जिला कोविड अस्पताल, 167 मरीज जिला कोविड हेल्थ सेंटर व 40 मरीज कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। सोमवार को जिले में कोविड-19 की जांच के लिए 2345 लोगों ने नमूने दिए। इसमें से निजी लैब में जांच के लिए 492 नमूने भेजे गए तो शासकीय लैब व रैपिड एंटीजन किट के जरिए 1853 नमूनों की जांच की गई। अब जिले में कुल 46187 लोगों की कोविड-19 की जांच हो चुकी हैं, जिसमें से 6058 पॉजिटिव व 37784 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 491 नमूनों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। अब तक जिले में 52037 लोग क्वारंटीन अवधि को पूरा कर चुके हैं।