फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गौतमबुद्धनगर में चार नए मामले, कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 366 हुई 

Wed, 27 May 2020 08:55 PM IST
Mohit Mudgal अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : PTI
विज्ञापन

गौतमबुद्धनगर में बुधवार को चार नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 9 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 366 हो गई है।  जिले में अब तक 253 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। जबकि 108 एक्टिव मामले हैं। कोरोना वायरस से जिले में अबतक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। 

विज्ञापन


जिम्स से सात मरीज ठीक होकर घर गए 
जिम्स से सात संक्रमित मरीजों को उपचार के बाद स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। सभी एक मीडिया हाउस से संबंधित हैं। सभी से घर पर 14 दिन तक क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया है। जिम्स में बुधवार को भर्ती सात मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई। संस्थान के निदेशक बिग्रेडियर डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि ठीक हुए मरीजों को घर पर सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए कहा गया है।

वहीं, मरीजों ने कहा कि कोरोना का डर निकल जाए तो आधी लड़ाई ऐसे ही जीत सकते हैं। कोरोना को हराने के लिए सभी को नियमों का पालन करना होगा। जिम्स से अब तक 90 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। अस्पताल में 59 मरीजों का उपचार चल रहा है।
विज्ञापन


आरोग्य सेतु और आयुष कवच कोविड एप से मिलेगा प्राधिकरण में प्रवेश  
 ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपने दफ्तर को चलाने केलिए गाइडलाइन तैयार कर ली है। कर्मचारियों व आगंतुकों को प्रवेश से पहले अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु व आयुष कवच कोविड एप दिखाना होगा। मंगलवार को होने वाला जन सुनवाई कार्यक्रम अब नहीं होगा। अगर किसी को अफसरों से मिलना है तो उसके लिए तीन दिन पहले समय लेना होगा।

कोविड-19 से बचने के लिए प्राधिकरण ने यह योजना बनाई है। दफ्तर में एसी का प्रयोग नहीं किया जाएगा। अफसरों व कर्मचारियों को बायोमैट्रिक हाजिरी नहीं लगानी होगी। दफ्तर में पांच कार्य दिवस होंगे। प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि मंगलवार को होने वाले जन सुनवाई कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा आंतरिक बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होंगी। 

नई गाइडलाइन के मुताबिक आगंतुकों व कर्मचारियों को बिना मास्क के प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। कर्मचारियों व आगंतुकों को मोबाइल पर आरोग्य सेतु व आयुष कवच कोविड एप दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। आगंतुकों को आवेदन ड्राप बाक्स में डालना होगा। आवंटी या अन्य व्यक्ति अपनी समस्या के बारे में दूरभाष पर संतुष्ट नहीं होने पर ही मिलने के लिए आ सकेंगे। अफसरों से मिलने के लिए तीन दिन पहले समय लेना होगा। तभी मुलाकात संभव हो सकेगी। इसके अलावा प्राधिकरण में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की जिम्मेदारी जीएम पीके कौशिक को दी गई है।

दफ्तर न आने वालों को दी चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ केके गुप्त ने बुधवार को दफ्तर का निरीक्षण किया। अपनी सीट से कई कर्मचारी नदारद दिखे। एसीईओ ने नियोजन विभाग, भूलेख, वित्त, आवासीय, इंडस्ट्री आदि विभागों का निरीक्षण किया। सीट से नदारद दिखने वाले प्राधिकरणकर्मियों को 28 मई से नियमित रूप से तय समय पर दफ्तर आने की हिदायत दी। लापरवाही करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी।    

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें