गौतमबुद्धनगर में रविवार को कोरोना वायरस के 82 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 83 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक जिले में 1219 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। कोरोना वायरस से गौतमबुद्धनगर में अब तक कुल 22 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 910 सक्रिय मरीज हैं।
ग्रेनो वेस्ट की पांच सोसाइटी कंटेनमेंट जोन से बाहर
जिला प्रशासन ने ग्रेनो वेस्ट की पांच सोसाइटी के टावरों को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया है। सभी टावरों को ग्रीन जोन में शामिल किया गया है। साथ ही उनकी सीलिंग को भी खोल दिया गया है। सीलिंग हटने और ग्रीन जोन में आने के बाद से सोसाइटी के लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, बिश्नुली और दादरी के प्रताप विहार कॉलोनी को भी ग्रीन जोन में शामिल किया गया है।
ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी के 6 एवेन्यू के टावर बी, 5 एवेन्यू के टावर एफ, गौड़ सौदर्यंम के टावर विस्टेरिया, निराला एस्टेट सोसाइटी के टावर 17 और सुपरटेक इको विलेज वन सोसाइटी के टावर नंबर बी-14 को सील किया गया था। सभी टावरों में कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर वापस आ गए हैं। समय-सीमा पूरी होने के बाद दादरी एसडीएम राजीव राय ने सभी सोसाइटी के टावरों की सीलिंग हटा दी है। साथ ही सभी टावरों को ग्रीन जोन में शामिल कर दिया।