फरीदाबाद में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 276 नए मामले दर्ज किए गए हैं। उपचाराधीन दो मरीजों की इसी दौरान मौत हो गई। संक्रमण को मात देकर 182 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। लगभग 45 दिनों की राहत के बाद संक्रमण का ग्राफ फिर से बढ़ने लगा है। इसी कारण मामले दोगुने होने की दर में भी गिरावट दर्ज हुई है। अब 90 या 94 दिन के विपरीत मामले महज 76 दिनों में ही दोगुने हो रहे हैं। रविवार को 276 कोरोना के नए मामलों के साथ कुल सक्रिय (उपचाराधीन) मामलों की संख्या 1122 हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एनआईटी-2 निवासी 70 वर्षीय और संजय कॉलोनी में निवासी 48 वर्षीय संक्रमित की मौत हो गई। संक्रमितों को गंभीर बीमारियों के कारण मौत हो रही है। एनआईटी-2 व छांयसा, एसजीएम नगर से चार, चावला कॉलोनी से पांच, गोपी कॉलोनी से छह नए मामले आए हैं। जिले में कोरोना के 1122 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 287 अस्पतालों में भर्ती है और 835 संक्रमितों को होम आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं।
प्रति एक लाख की आबादी में 8260 व्यक्तियों के सैंपल लिए जा रहे हैं। कोरोना का रिकवरी रेट घटकर 90.8 फीसदी हो चुका है, तीन दिन पूर्व यह दर 92 फीसदी था। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि अब तक 13896 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 12596 संक्रमित ठीक भी हो चुके हैं। वहीं 178 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं। अस्पतालों में भर्ती 31 संक्रमितों की हालत गंभीर हैं। इनमें से तीन मरीज वेंटिलेटर पर हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 148682 सैंपल लिए है। इनमें से 405 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।