फरीदाबाद में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर 95.2 प्रतिशत हो चुकी है। बीते 24 घंटों में 201 लोगों ने मात दी है, 153 नए मरीज भी इस दौरान मिले हैं जबकि एक संक्रमित की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सोमवार को एनआईटी-2 निवासी 50 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 239 तक पहुंच चुका है। कुल संक्रमितों की संख्या 22 हजार 837 है, जिसमें से 21 हजार 741 लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं। अब जिले में कुल 857 एक्टिव केस हैं, जिसमें से 255 अस्पतालों में दाखिल हैं और 602 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। अस्पतालों में दाखिल 28 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसमें से पांच वेंटिलेटर पर हैं।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि प्रति एक लाख की आबादी पर 12 हजार 689 सैंपल लिए जा रहे हैं। सोमवार को 1225 नए सैंपल लिए गए हैं। इसमें से 250 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। अभी तक जिले में 2 लाख 28 हजार 407 सैंपल लिए जा चुके हैं।