गुरुग्राम में कोरोना संक्रमण तो अब थम गया है, लेकिन मृतकों का आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ता ही जा रहा है। अब प्रतिदिन 200 से ज्यादा नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है तो इससे कहीं ज्यादा मरीज संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हो रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को भी 228 नए संक्रमित सामने आए, जबकि 253 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए। वहीं कोरोना से एक और मरीज की मौत हो गई।
इसी के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 25617 हो गई है। इसमें से 23054 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 2372 मरीज उपचाराधीन हैं। सोमवार को एक संक्रमित की मौत होने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 191 हो गया है। इसमें से 139 पहले से किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे, जबकि 52 मरीजों में पहले से कोई खास गंभीर बीमारी नहीं थी।
उपचाराधीन मरीजों में से 2189 होम आइसोलेट हैं। 183 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। सोमवार को जिले में 2783 लोगों की कोविड-19 जांच की गई। इसमें से 1839 लोगों की आरटी-पीसीआर व 944 जांच रैपिड एंटीजन किट के जरिए की गई। अब तक जिले में 316631 लोगों की कोविड जांच की जा चुकी है, जिसमें से 288231 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 25617 संक्रमित पाए गए हैं।