दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 2914 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 13 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,85,220 हो गई है। राजधानी में शुक्रवार को 1751 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। दिल्ली में अब तक कुल 1,61,865 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक कुल 4513 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी कुल 18842 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को 8488 आरटी-पीसीआर और 27731 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। राजधानी में अब तक कुल 17,05,571 कोरोना जांच की गई हैं। दिल्ली में अभी कुल 9822 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
अगस्त के अंतिम सप्ताह में कोरोना के मामले 35 फीसदी बढ़े
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए एक विश्लेषण के मुताबिक राजधानी में अगस्त के अंतिम सप्ताह में इसके पिछले सप्ताह के मुकाबले कोरोना वायरस संक्रमण के 35 फीसदी अधिक मामले सामने आए हैं। विश्लेषण के मुताबिक जो नए मामले सामने आ रहे हैं, उनमें से 30 से 40 फीसदी मामले उन परिवारों से हैं, जहां पहले भी मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अगस्त में कोरोना के मामलों का विश्लेषण करने पर पाया कि कोरोना वायरस संक्रमण ग्रामीण और मध्यमवर्गीय इलाकों में अधिक है और प्रवासी लोगों के इलाकों में भी मामले बढ़ रहे हैं। मामले बढ़ने की एक वजह लोगों द्वारा एहतियाती उपायों पर ध्यान नहीं देना है। संक्रमण फैलने के अन्य कारणों में त्योहार का मौसम, कोरोना संक्रमण का संदेह होने पर भी देर से जांच करवाना, संक्रमितों के संपर्क में आना, प्रवासियों का लौटना और अनलॉक के कदम हैं।