दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के 508 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ संख्या बढ़कर 13418 हो गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अबतक 6540 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 6617 मरीजों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में कोरोना वायरस से अबतक 261 मरीजों की मौत हो चुकी है।
कंटेनमेंट जोन की संख्या 87 हुई
दिल्ली के हरि नगर इलाके के मकान संख्या 600-800 को और रानी बाग की गली संख्या आठ के दो घरों के आसपास के इलाके को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है। इसके बाद राजधानी में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 87 हो गई है। अब तक कुल 41 इलाकों को कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर किया जा चुका है।
कई स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित
दिल्ली के पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल के सात स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डीन में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।