दिल्ली में कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 1808 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 20 लोगों की मौत हो गई है। इसकी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,69,412 हो गई है। राजधानी में शुक्रवार को 1446 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। दिल्ली में अब तक 1,51,473 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से राजधानी में अभी कुल 13550 सक्रिय मरीज हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को दिल्ली में 6920 आरटी-पीसीआर जांच और 16013 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। राजधानी में अब तक कोरोना वायरस की कुल 15,26,655 जांच की गई हैं। दिल्ली में अभी 6850 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। राजधानी में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 763 हो गई है।
दिल्ली में रोजाना होंगी 40 हजार जांच
सरकार का कहना है कि वह प्रतिदिन 40 हजार टेस्टिंग करवाएगी, हालांकि इसमें एक पेंच आ गया है। दिल्ली सरकार का कहना है कि राजधानी में प्रतिदिन 40 हजार जांच करने के फैसले पर गृह मंत्रालय जांच न बढ़ाने का दबाव डाल रहा है। इसी पूरे मामले को लेकर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय के स्पष्टीकरण के बाद अब दिल्ली में डबल टेस्टिंग होगी।
सत्येंद्र जैन ने इस विषय पर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कोरोना टेस्टिंग डबल करने को कहा, लेकिन इसके बाद गृह मंत्रालय ने टेस्टिंग न बढ़ाने के लिए दबाव बनाया। मैं खुश हूं कि मेरे पत्र के बाद गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया और अब मैं आशांवित हूं कि टेस्टिंग जल्द ही डबल हो जाएगी।
इसके साथ ही सत्येंद्र जैन ने ये कहा कि गृह मंत्रालय को पहले गुजरात, यूपी और बाकी भारत के कोरोना के हालात को देखना चाहिए बाद में दिल्ली को संभालने की बात करनी चाहिए। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कोरोना के टेस्ट डबल करने का आदेश दिया लेकिन इसे गृह मंत्रालय से भी स्पष्टीकरण की जरूरत पड़ी।