दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस के 1501 मामले सामने आए हैं। जबकि 48 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 32810 हो गई है। राजधानी में बुधवार को 384 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जबकि अब तक 12245 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक 984 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी कोरोना वायरस के 19851 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली के अस्पतालों को गेट पर लगाने होंगे कोविड, नॉन-कोविड बेड के बोर्ड
दिल्ली उपराज्यपाल अनिल बैजल ने सभी अस्पतालों को परिसर के बाहर एलईडी बोर्ड पर बेड की उपलब्धता (COVID और गैर-COVID), कमरों के लिए फीस और भर्ती होने के लिए संबंधित व्यक्ति का विवरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बुधवार को मुख्य सचिव विजय देव को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उपराज्यपाल ने अपने पत्र में कहा कि स्वास्थ्य विभाग को सलाह दी जा सकती है कि यह सुनिश्चित करे कि इन एलईडी बोर्ड पर प्रदर्शित जानकारी दिल्ली सरकार के एप पर उपलब्ध सूचना के अनुरूप हो।
उपराज्यपाल ने कहा कि डीडीएमए द्वारा प्रतिनियुक्त अधिकारियों द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाना चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अस्पतालों द्वारा सही आंकड़ा प्रदर्शित किया गया है। साथ ही किसी भी जरूरतमंद मरीज को भर्ती करने से इनकार नहीं किया जाए या उससे अधिक शुल्क नहीं वसूला जाए।
दिल्ली एम्स में बीएसएफ कांस्टेबल की मौत
दिल्ली एम्स में आज एक बीएसएफ कांस्टेबल की कोरोना से मौत हो गई। इसी के साथ ही अब तक कोरोना संक्रमण तीन बीएसएफ जवानों की जान ले चुका है। यह कांस्टेबल दिल्ली पुलिस के साथ कार्य कर रहा था। पांच जून को उसे कमजोरी और खांसी के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां आज उसकी मौत हो गई।