दिल्ली में कोरोना वायरस (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दिल्ली में शनिवार को कोरोना वारस के 1475 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 26 लोगों की मौत हो गई है। शनिवार को 1973 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,21,582 हो गई है। दिल्ली में अब तक 1,01,274 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से राजधानी में अब तक 3597 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी 16711 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि शनिवार को 6246 आरटी-पीसीआर जांच और 15412 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। दिल्ली में अबतक कोरोना वायरस की कुल 7,98,783 जांच की गई हैं। राजधानी में अभी कुल 678 कंटेनमेंट जोन हैं।
जीटीबी अस्पताल में मरीजों के रिकॉर्ड ऑनलाइन रखे जाएंगे
पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े कोविड अस्पताल जीटीबी में मरीजों केे सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन रखे जाएंगे। इसके लिए मरीजों को एक यूनिक आईडी दी जाएगी। इस प्रणाली को लागू करने के लिए अस्पताल में एक सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है, जिसका ट्रायल लिया जा रहा है। इस माह के अंत तक मरीजों का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगा।
जीटीबी अस्पताल के नोडल अधिकारी विनय भूषण ने बताया कि मरीजों के रिकॉर्ड को पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रोगियों को एक विशिष्ट आईडी दी जाएगी, जिसका उपयोग उपचार के दौरान उनके रिकॉर्ड को ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए किया जाएगा।
इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि मरीजों को इलाज के लिए कागजात लेकर नहीं घूमना पड़ेगा। मरीज का पूरा मेडिकल इतिहास और सभी जांच रिपोर्ट जुलाई के अंत तक डॉक्टरों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी। भूषण के मुताबिक, आईएलबीएस संस्थान, एलएनजेपी अस्पताल के बाद जीटीबी में भी जल्द ही प्लाज्मा बैंक शुरू होने जा रहा है। अस्पताल को प्लाज्मा बैंक शुरू करने के लिए जरूरी उपकरण, तकनीकी जानकारी और स्टाफ उपलब्ध कराया जा चुका है।