दिल्ली में कोरोना वायरस (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस के 1041 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 26 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,27,364 हो गई है। गुरुवार को 1415 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। दिल्ली में अब तक कुल 1,09,065 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक कुल 3745 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी 14554 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि गुरुवार को राजधानी में 5761 आरटी-पीसीआर जांच और 12465 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस की कुल 889597 जांच की गई हैं।
डॉ. जावेद अली के परिजनों को एक करोड़ मुआवजा देगी सरकार
दिल्ली सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बेगमपुर के एक अस्पताल में संविदा पर कार्यरत डॉक्टर जावेद अली (42) की बीते दिनों कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बुधवार को एलान किया कि डॉ. अली को कोरोना योद्धा घोषित किया जाएगा।
जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार के नियमों के तहत डॉ. अली कोविड ड्यूटी पर तैनात थे। कोरोना योद्धा घोषित करने के साथ ही उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा भी दिया जाएगा।
एम्स अस्पताल के डॉक्टर विजय गुर्जर ने बताया कि डॉ. जावेद दिल्ली सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बेगमपुर के एक अस्पताल में संविदा पर काम करते थे। वह मार्च के महीने से कोविड-19 ड्यूटी पर थे। उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि 24 जून को हुई थी। सोमवार सुबह एम्स ट्रॉमा सेंटर में उनकी मौत हो गई थी।