बीते 24 घंटे में 8521 संक्रमित मिले और 39 लोगों की मौत दर्ज की गई हैं। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 8593 केस 11 नवंबर 2020 को मिले थे। पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 1.09 लाख से भी ज्यादा नमूनों की जांच कई गईं, जिनमें 70 हजार जांच आरटी-पीसीआर रही।
8 दिन में 2000 से ज्यादा कंटेनमेंट जोन बने
राजधानी में एक इलाके में 2 से अधिक संक्रमित मिलने पर कंटेनमेंट घोषित किया जा रहा है। एक अप्रैल तक कंटेनमेंट जोन 2183 थे, जो अब बढ़कर 4226 हो गए है। यानी, आठ दिन में 2043 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।
एम्स में 20 डॉक्टरों समेत 64 स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित
- सर गंगाराम अस्पताल में डॉक्टरों के संक्रमित होने के बाद एम्स में भी 64 स्वास्थ्यकर्मियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। ये सभी पिछले 10 दिनों में कोरोना संक्रमित मिले हैं।
- जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 27 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 24 छात्र हैं।
दिल्ली में स्कूल अगले आदेश तक बंद
दिल्ली सरकार ने कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए राजधानी के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। किसी भी तरह की गतिविधियों के लिए बच्चों को फिजिकल मोड में स्कूल नहीं बुलाना है। सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले शिक्षकों को टीका लगाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, अभी इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला होना बाकी है।