दिल्ली में बुधवार को कोरोना के 144 नए मामले सामने आए और संक्रमण से एक शख्स की मौत हो गई। गौरतलब है कि दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार के आंकड़े गुरुवार सुबह जारी किए हैं। इसके अनुसार दिल्ली में अब भी संक्रमण दर 0.39 प्रतिशत बनी हुई है।
विज्ञापन
गुरुवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या 18,63,345 हो चुकी है और अब तक कुल मौतों की संख्या 26,144 हो गई है। जारी डाटा के मुताबिक मंगलवार को 36,625 सैंपल की जांच की गई थी जिसमें से 144 संक्रमित पाए गए।
दिल्ली में सोमवार को दो लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत, 131 नए मरीज मिले
दैनिक मामलों में लगातार कमी आने के बाद भी दिल्ली में कोरोना संक्रमण जानलेवा बना हुआ है। सोमवार दिन में ही दो लोगों की राजधानी के अलग-अलग अस्पताल में संक्रमण के चलते मौत हुई है। जानकारी मिली है कि राजधानी के अस्पतालों में अभी भी 55 मरीज गंभीर स्थिति में उपचाराधीन हैं जिनमें से पांच मरीजों की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा हुआ है।
लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि संक्रमण के मामलों में भले ही कमी देखने को मिल रही हो लेकिन यह अभी भी काफी गंभीर वायरस है जो कुछ लोगों में उनकी मौत का कारण बन रहा है।
विज्ञापन
उधर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि बीते एक दिन में कोरोना के 131 नए मामले सामने आए। वहीं 165 मरीजों को छुट्टी दी गई। इस दौरान 31062 नमूनों की जांच में दैनिक संक्रमण दर 0.42 फीसदी पाई गई। इसी के साथ ही कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 1863201 हुई है जिनमें 1836401 मरीज ठीक भी हुए लेकिन 26,143 रोगियों की अब तक दिल्ली में कोरोना से मौत हुई है। बहरहाल राजधानी में 3382 क्षेत्र अभी भी कंटेनमेंट जोन में शामिल हैं।
विभाग ने यह भी बताया कि वर्तमान में 657 कोरोना मरीज उपचाराधीन हैं जिनमें से सर्वाधिक 471 मरीज अपने अपने घरों में आइसोलेट हैं। इन रोगियों में संक्रमण के लक्षण नहीं है या फिर बहुत हल्के हैं। हालांकि अस्पतालों में भर्ती 55 में से 27 मरीज ऑक्सीजन थैरेपी पर हैं। इन्हें सांस लेने में कठिनाई के चलते भर्ती करना पड़ा।