साकेत के सेलेक्ट सिटी वॉक मॉल में बना कोरोना का दूसरा ड्राइव थ्रू टेस्टिंग सेंटर(फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
दिल्ली में अब दूसरा ड्राइव थ्रू कोरोना वायरस टेस्टिंग केंद्र खुल गया है। यह केंद्र दक्षिण दिल्ली के सेलेक्ट सिटी वॉक मॉल में डॉ. डैंग लैब द्वारा बनाया गया है जिसकी शुरुआत शुक्रवार को हुई। जो लोग अपना खुद का टेस्ट कराना चाहते हैं वो यहां आकर अपना सैंपल दे सकते हैं।
दक्षिण दिल्ली में टेस्टिंग की ये व्यवस्था इसलिए की गई है कि क्योंकि शुक्रवार तक दक्षिण दिल्ली से 72 संक्रमित मिले हैं और आठ कंटेनमेंट जोन भी यहां घोषित किए जा चुके हैं।
क्या है ड्राइव थ्रू टेस्टिंग की प्रक्रिया
ड्राइव थ्रू टेस्टिंग कराने के लिए आपको ऑनलाइन फॉर्म भरना होता है। उसके बाद उक्त जांच केंद्र में जाना होता है, वहां अपना आईडी प्रूफ दिखाना होता है। इसके बाद अपनी कार का शीशा खोलना पड़ता है। इसके बाद सिर थोड़ा पीछा झुकाना होता है ताकि आपके गले और नाक से सैंपल लिया जा सके। इसके बाद जैसे ही सैंपल ले लिया जाए, अपनी गाड़ी से वापस घर चले जाना होता है। इस पूरी प्रक्रिया में 10-12 मिनट लगते हैं और फिर 24-36 घंटे में मेल पर रिपोर्ट आ जाती है।
सेलेक्ट सिटी वॉक के निदेशक अर्जुन शर्मा ने बताया कि हम दक्षिण दिल्ली के ठीक मध्य में स्थित हैं इससे लोगों को यहां आने में आसानी होगी। हमारा उद्देश्य लोगों की सेवा करना है। डॉ. डैंग लैब की प्रक्रिया बेहद आसान और सुविधाजनक है। हमें उम्मीद है कि ये उन लोगों के लिए अच्छा होगा जिन्हें टेस्ट की बहुत जरूरत है।
डॉक्टर अर्जुन डैंग ने बताया कि यह शहर के उन आठ निजी लैब में से एक है जिन्हें टेस्टिंग की अनुमति मिली है। पंजाबी बाग में लगे ड्राइव थ्रू टेस्ट केंद्र की मांग बढ़ने के बाद इस केंद्र को खोलने का निर्णय लिया गया।