कोरोना वायरस का असर बाजार के विभिन्न हिस्सों पर देखने को मिल रहा है। होटल व्यवसाय, ट्रांसपोर्ट, फल एवं सब्जी मंडी के बाद कोरोना ने अब स्पा सेंटर्स का मिजाज बिगाड़ दिया है। सुबह से शाम तक गुलजार रहने वाले स्पा एवं मसाज पार्लर अब सुनसान होते जा रहे हैं।
एनडीएमसी और एमसीडी से लाइसेंस प्राप्त सेंटर, जिनकी अधिकारिक संख्या छह सौ से कम बताई जा रही है, वहां पर भी ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। हौजखास मार्केट में स्थित स्पा सेंटर पर काम कर रही एक महिला के अनुसार, पिछले माह तक सब ठीक चल रहा था। कहीं कोई दिक्कत नहीं थी।
दक्षिण दिल्ली स्थित स्पा सेंटर्स पर भी कामकाज नहीं हो रहा है। महिपालपुर में दर्जनों स्पा सेंटर हैं। यहां पर एयरपोर्ट नजदीक होने के कारण हर समय ग्राहकों की भीड़ रहती थी। अब पिछले कुछ दिनों से यहां भी ग्राहकों का आना जाना पूरी तरह बंद हो गया है। कई सेंटर तो ऐसे हैं, जिनके पास बंधे हुए ग्राहक आते थे।
अर्थात देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोग जब भी दिल्ली आते तो वे एयरपोर्ट से सीधे इन सेंटरों पर आकर खुद को रिलेक्स करते थे। जब से एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग आदि शुरू हुई है, इन सेंटरों पर इक्का-दुक्का ग्राहक भी नहीं पहुंच रहा। नतीजा, अब अधिकांश सेंटर्स का शटर गिर चुका है।
महिपालपुर के स्पा सेंटर संचालक का कहना है कि यहां काम करने वाली लड़कियां आसानी से किसी दूसरे काम में नहीं जा सकती। जब हालात ठीक होंगे तो इन्हें दोबारा से बुलवा लिया जाएगा।