सेंट्रल दिल्ली में स्थित कृषि भवन का एक हिस्सा दो दिन के लिए सोमवार से सील कर दिया गया है। अधिकारियों को 21 मई तक घर से काम करने को कहा गया है। यहां मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय में एक अधिकारी के पॉजिटिव पाए जाने के बाद इसे सील किया गया है।
दिशा-निर्देशों के मुताबिक पूरे परिसर को 19 व 20 मई को सैनिटाइज किया जाएगा। संक्रमित के संपर्क में आए सभी लोगों को क्वारंटीन में जाने की सलाह के साथ ही पांच दिन बाद टेस्ट कराने के लिए कहा गया है। इन सभी लोगों को तभी कार्यालय आने की मंजूरी मिलेगी जब इनका टेस्ट निगेटिव आएगा, जबकि अन्य कर्मचारी 21 मई से गृहमंत्रालय के दिशानिर्देशों के तहत आएंगे।
यह भी पढ़ें: UP Lockdown 4.0 : यूपी सरकार ने जारी की गाइडलाइन, जानें क्या खुला और क्या बंद रहेगा
देश में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले और मौतें
देश में कोरोना संक्रमण के एक दिन में सबसे ज्यादा 5,242 मामले सामने आए हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के चलते सबसे ज्यादा 157 मौत भी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार तक कोरोना संक्रमण के कुल मामले 96,169 जा पहुंचे। अब तक 3,029 संक्रमितों ने जान गंवा चुके हैं, जबकि 36,823 मरीज कोरोना को मात देकर अपने घर जा चुके हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक सक्रिय मामलों की संख्या 56,316 है। 38.29 फीसदी अब तक ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 70 फीसदी मौतें संक्रमित मरीजों में कई तरह की बीमारियों के चलते हुई है। 33,053 मामलों के साथ महाराष्ट्र देश में सबसे ऊपर है। वहीं, इसके बाद गुजरात (11,379), तमिलनाडु (11,224), दिल्ली (10,054), राजस्थान (5,202), मध्य प्रदेश (4,977) और उत्तर प्रदेश (4,259) का स्थान है।
यह भी पढ़ें: Lockdown 4.0: उत्तराखंड में अब चल सकेंगे सार्वजनिक वाहन, आठ शहरों में ऑड-ईवन पैटर्न की व्यव्स्था
यूपी में 4,511 मामले, 47 नए मरीज
उत्तर प्रदेश में कोरोना से संक्रमितों के मामले सोमवार तक 4,511 हो गए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक, 75 जिलों में कुल 4,511 मामलों में से 1,763 मामले ही सक्रिय हैं, जबकि अब तक 2,636 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। वहीं, संक्रमण की वजह से प्रदेश में अब तक 112 लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं यूपी सरकार ने सोमवार रात लॉकडाउन 4.0 को लेकर नई गाइडलाइन भी जारी कर दी।
ग्रेटर नोएडा में ओप्पो के छह कर्मी पॉजिटिव, काम बंद
मोबाइल कंपनी ओप्पो के छह कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। कंपनी ने इसे देखते हुए ग्रेटर नोएडा में निर्माण कार्य रोक दिया है। कंपनी अपने सभी तीन हजार से ज्यादा कर्मचारियों की जांच करा रही है, जिनके नतीजे आने बाकी हैं। कंपनी का कहना है कि सुरक्षा के सभी मानकों के साथ वही कर्मचारी काम करेंगे, जिनका टेस्ट निगेटिव आएगा। पूरे परिसर को संक्रमणरहित किया जा रहा है। आठ मई से कंपनी ने दोबारा से काम करना शुरू किया था।