मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखते हुए 1092 अतिरिक्त बिस्तरों की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि डॉ. वीके पॉल समिति की रिपोर्ट ने आने वाले दिनों में 11,909 संक्रमित मरीज रोजाना दिल्ली में मिलने की आशंका जताई है। नवंबर माह के आखिर तक यह स्थिति देखने को मिल सकती है। चूंकि दिल्ली में पहले से ही बिस्तरों की कमी है।
जबकि रिपोर्ट की मानें तो दिल्ली को जल्द से जल्द 20,604 बिस्तरों की जरूरत है। इसके अलावा एंपावर्ड ग्रुप की तीसरी रिपोर्ट के हिसाब से मौजूदा वक्त में करीब 4900 बिस्तरों की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए दिल्ली और केंद्र सरकार के अस्पतालों में संख्या बढ़ानी होगी। इसलिए उन्होंने केंद्र से 300 आईसीयू बिस्तर सहित 1092 बिस्तरों की मांग की है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। हालांकि केंद्र ने दो-ढाई महीने पहले कहा था कि एक हजार के करीब बिस्तर बढ़ाए जाएंगे। इसीलिए केंद्र को पत्र लिखकर कहा है कि केंद्र अपने कोरोना अस्पतालों में बिस्तर बढ़ाएं और साथ ही 300 के करीब आईसीयू बिस्तर भी बढ़ाए जाएं।