राजधानी में संक्रमण की दूसरी लहर का चरम गुजरने के बाद कोरोना वायरस कमजोर पड़ता जा रहा है। एक सप्ताह से दैनिक मामलों में गिरावट आ रही है। रिकवरी दर भी 84 से बढ़कर 88 फीसदी हो गई है। संक्रमण दर घटकर 6 फीसदी रह गई है। वहीं, अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों भी कम हो रहे हैं। यह सभी कारक दर्शाते हैं कि राजधानी में कोरोना संक्रमण से स्थितियां पहले के मुकाबले काफी बेहतर होती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कोरोना पर और लगाम लगेगी।
दिल्ली में 17 अगस्त के बाद से संक्रमण तेज गति से बढ़ने लगा था। इस दौरान एक्टिव मामले बढ़ने लगे थे और रिकवरी दर भी कम होने लगी थी। सितंबर की शुरुआत से स्थितियां और खराब होने लगी थी। पहले सप्ताह से ही दैनिक मामलों में उछाल आने लगा था और रोजाना औसतन चार हजार मामले आ रहे थे वहीं, संक्रमण दर भी बढ़कर 10 फीसदी हो गई थी। बढ़ते मामलों पर सरकार का कहना था कि ज्यादा जांच करने के केस बढ़ रहे हैं। जो अगले कुछ सप्ताह में कम होने लगेंगे। विशेषज्ञों का भी मानना था कि ज्यादा जांच के कारण ही मामले बढ़ रहे हैं। यह आंकलन ठीक निकला और अब एक सप्ताह से हालात सुधरते जा रहे हैं।
प्रतिदिन 60 हजार जांच
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राजधानी में 20 दिन में 11लाख से अधिक जांच की गई है। रोजाना औसतन 60 हजार जांच की जा रही है। अधिक जांच करने से संक्रमितों की पहचान समय पर की जा रही है। इसी के परिणाम स्वरुप संक्रमण पर लगाम लगाने में मदद मिल रही है। इसके आ आलवा कंटेनमेंट जोन में भी सख्ती बरती जा रही है। नियम का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी इसके साथ ही सभी जिलों में संक्रमित मिलने के हिसाब से रेड जोन भी बढ़ रहे हैं।
सक्रिय मामले भी हुए कम
एक समय सक्रिय मरीजों की संख्या 32000 से ज्यादा हो गई थी। अब एक सप्ताह से प्रतिदिन औसतन 3500 मरीज ठीक हो रहे हैं। इससे एक्टिव मामलों में भी कमी आ रही है। अब राजधानी में 29228 ऐक्टिव मरीज हैं। 19 सितंबर को 32064 थे।
दो फीसदी से कम मृत्यु दर
दिल्ली में मृत्यु दर भी लगातार कम होती जा रही है बीते 10 दिनों में यह दर 1 फीसदी से भी कम है। वहीं दिल्ली की कुल मृत्यु दर 1.9 फीसदी के करीब है। इसके अलावा अस्पतालों में भी मरीज घट रहे हैं। फिलहाल कुबेर अस्पतालों में 6758 मरीज भर्ती हैं। एक सप्ताह में करीब 500 मरीज कम हुए हैं।
ऐसे कम होते जा रहे हैं दैनिक मामले
तारीख मामले
17 सितंबर 4432
18 सितंबर 4127
19 सितंबर 4071
21 सितंबर 2548
22 सितंबर 3816
23 सितंबर 3714
24 सितंबर 3834
25 सितंबर 3827
26 सितंबर 3371
नोट: आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं।