लोकनायक अस्पताल में क्वारंटीन किए गए कोरोना संदिग्ध मरीजों के थूकने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को अस्पताल से इस बाबत शिकायत मिली थी।
लोकनायक अस्पताल की इमरजेंसी इंचार्ज रितु सक्सेना ने बृहस्पतिवार रात पुलिस को सूचना दी कि इमरजेंसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रखे गए कोरोना के संदिग्ध मरीज ऑपरेशन थियेटर की तरफ बनी खिड़की से बाहर की तरफ थूक रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम छानबीन करने के लिए पहुंची।
जांच में पता चला कि अगर नीचे से गुजर रहे किसी शख्स पर थूक गिरती है, तो वह कोरोना जैसी घातक बीमारी के संक्रमण को बढ़ाएगी। यह भी पता चला कि क्वारंटीन करने से पहले संदिग्ध मरीजों को इस बात की जानकारी दे दी गई थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
होम क्वारंटीन में रखा गया एक शख्स फरार
विदेश से आने के बाद होम क्वारंटीन में रखा गया एक शख्स आनंद पर्वत इलाके से घर छोड़कर फरार हो गया है। उसे 14 दिन होम क्वारंटीन में रखा गया था। फरार होने से पहले उसने दीवार पर चिपके नोटिस को फाड़ दिया। पुलिस सिपाही की शिकायत पर मामला दर्ज कर उस शख्स की तलाश कर रही है।
आनंद पर्वत थाने में तैनात सिपाही हर्ष बाबा फरीदपुरी इलाके में बृहस्पतिवार रात गश्त कर रहा था। इसी दौरान किसी ने उसे बताया कि होम क्वारंटीन में रखा गया दिनेश सिंह (45) घर छोड़कर फरार हो गया है। इस सूचना पर सिपाही बाबा फरीदपुरी स्थित उक्त मकान पर पहुंचा, जहां मकान मालिक सतपाल ने बताया कि दिनेश सात साल से उसके घर में किरायेदार था। वह मलेशिया स्थित एक होटल में काम करता था। भारत आने के बाद वह उसके घर में रहता था। 11 मार्च को भारत आने के बाद उसे होम क्वारंटीन में रखा गया था, लेकिन 21 मार्च को वह दीवार पर लगे नोटिस को फाड़कर फरार हो गया है।