राजधानी में कोरोना के मामलों में कमी आने लगी है। एक सप्ताह पहले दैनिक मरीजों की संख्या करीब 9 हजार तक पहुंच गई थी, जो अब 6 हजार से कम रह गई है। संक्रमण दर भी 15 से घटकर 12 फीसदी हो गई है। दिल्ली सरकार कहना है कि दिल्ली में तीसरी लहर का चरम बीत गया है। आने वाले दिनों में मामलों में और कमी आने की उम्मीद है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 11 नवंबर को 8593 संक्रमित मिले थे। उसके बाद से यह संख्या कम होने लगी है। मंगलवार को 6224 मरीजों मेें कोरोना की पुष्टि हुई है। इस दौरान दो बार चार हजार से भी कम मामले आए हैं। हालांकि, कम जांच होना भी इसका एक कारण है।
सफदजंग अस्पताल के डॉक्टर जुगल किशोर का कहना है कि संक्रमण दर घट रही है, लेकिन इसमें और कमी आनी चाहिए। यदि आने वाले दिनों में दोगुना जांच होने पर भी संक्रमितों की संख्या में ज्यादा इजाफा नहीं हुआ तो कहा जा सकता है कि कोरोना से हालात बेहतर हो रहे हैं।
इस माह 1760 ने तोड़ा दम
संक्रमितों की संख्या भले ही कम हो रही हो, लेकिन मौतें लगातार बढ़ रही हैं। तीन दिन से रोजाना औसतन 110 मरीज दम तोड़ रहे हैं। इस माह अब तक 1760 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे मृत्युदर भी लगातार बढ़ रही है। राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बीएल शेरवाल का कहना है कि अस्पताल में आने वाले कई मरीज पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं। इनमें एक बड़ी संख्या मोटापे और शुगर के मरीजों की है। ऐसे रोगियों की जान बचाना काफी मुश्किल हो रहा है।
ये है स्थिति
तारीख संक्रमित मौतें
11 8593 85
13 7802 91
15 3235 95
17 6396 99
19 7546 98
20 6608 118
21 5879 111
22 6746 121
23 4454 121
24 6224 109
नोट : आंकड़े इस महीने के हैं और स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं।